मेरठ। एमडीए में जेई को धमकाते हुए एक मेट का ऑडियो वायरल हो रहा है। इस कर्मचारी ने जेई को तमाचे लगाने की बात कही। फोन पर हुई बातचीत का यह ऑडियो वायरल होने से एमडीए में चर्चा हो रही है। वाकया 23 फरवरी का बताया जा रहा है। इस दिन एमडीए बोर्ड की बैठक थी। इससे यहां काफी गाड़ियां थी और एमडीए परिसर के गार्डों को यह हिदायत दी गई थी कि वह ज्यादा गाड़ियां भीतर न आने दें। एमडीए का एक मेट कार में सवार होकर पहुंचा तो गार्डों ने रोक लिया। उसने विरोध किया तो फोन पर मेट की बात रखरखाव प्रभारी जेई से करा दी गई। जेई ने मेट से पूछ लिया कि क्या वह गाड़ी भीतर लाने के लिए अधिकृत हैं। उनकी सेलरी ढांचे में यह शामिल है। इस पर मेट भड़क गया और जेई को फोन पर ही खरी खोटी सुना दी। कहा कि नीचे आ तो चांटे जड़ दूंगा। अब यह ऑडियो वायरल हो रहा है। वीसी आरके पांडेय का कहना है कि किसी ने उनसे शिकायत नहीं की है। यदि ऐसा है तो कार्रवाई होगी।
वीसी ने की समीक्षा
मेरठ। एमडीए वीसी आरके पांडेय ने बुधवार को शमन शुल्क से संबंधित मामलों की समीक्षा की। बैठक में सभी जोनल, नोडल, अवर अभियंताओं को निर्देश दिए कि अवैध निर्माणों पर रोक लगाओ। सील तोड़ने वालों पर एफआईआर करायी जाए। व्यावसायिक कांप्लेक्सों पर प्रवर्तन के अधिकारी अपना फोकस रखें। जब तक शमन शुल्क पूरा जमा न हो जाए तब तक सील न खोली जाए। वीसी ने गंगानगर योजना का भी भ्रमण कर पूरी योजना को देखा। कहा कि यहां सारी सुविधाओं को एमडीए पूरा करे।