अमर उजाला ब्यूरो
मवाना। थाना क्षेत्र के सांधन गांव में बृहस्पतिवार को तेंदुए की वीडियो वायरल होने के बाद से ग्रामीण दहशत में हैं। इसके चलते वन विभाग की टीम ने पिंजरा लगाया परंतु उसमें कोई जानवर नहीं फंसा। वहीं, वन विभाग की टीम ने दिन-रात तेंदुए की तलाश में कांबिंग की परंतु सफलता नहीं मिली।
बताते चलें कि पिछले दो सप्ताह से तेंदुए ने ढिकौली, फिटकरी एवं सांधन के ग्रामीणों एवं किसानों में दहशत फैला रखी है। जिस कारण ग्रामीण अकेले घर से निकलने से कतरा रहे हैं। सांधन गांव में बृहस्पतिवार सुबह मोनू एवं गाजुद्दीन ने तेंदुए की चहल कदमी को राजकुमार के खेत में मोबाइल में कैद कर लिया था। इसकी वीडियो वायरल होने के बाद गांव में और भी दहशत गहरा गई। जिसके बाद देर शाम अंडर ट्रेनिंग डीएफओ आकाश दीप व वन दरोगा विनोद कुमार ने गांव में पिंजरा लगाया। वन विभाग की टीम बृहस्पतिवार रात एवं शुक्रवार को पूरे दिन आसपास के जंगल में कांबिंग करती रही परंतु तेंदुए की जानकारी नहीं मिली। वन दरोगा विनोद कुमार ने बताया कि तेंदुए की तलाश में कांबिंग की है परंतु अभी तक सुराग नहीं लगा। इसलिए तलाश जारी है। वहीं, ग्राम प्रधान हर्षवर्धन का कहना है कि तेंदुए की दस्तक से ग्रामीण अकेले खेतों में नहीं जा रहे हैं। जिससे उनके समक्ष पशुओं की खातिर चारे का संकट उत्पन्न हो गया है। वहीं, ग्रामीण टोली बनाकर जरूरी काम से ही बाहर निकल रहे हैं।
मुख्य बातें
पशुओं के लिए चारे का संकट उत्पन्न हुआ