मुजफ्फरनगर हिंसा में बसपा जिलाध्यक्ष गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। दलितों के आंदोलन के दौरान हुए उपद्रव और हिंसा के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार देर रात को बसपा जिलाध्यक्ष कमल गौतम को गिरफ्तार किया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
एससी-एसटी एक्ट में बदलाव के विरोध में दलितों ने सोमवार को शहर में आंदोलन किया था। यह आंदोलन बाद में उपद्रव और हिंसा में बदल गया था। उपद्रवियों ने नई मंडी कोतवाली पर पथराव कर दिया था। कोतवाली परिसर और सामने खड़े वाहनों में आग लगा दी थी गई थी। इसी मामले में बसपा जिलाध्यक्ष को उनके सुभाषनगर स्थित आवास से गिरफ्तार करने की बात सामने आ रही है। सीओ मंडी योगेंद्र सिंह ने उपद्रव, हिंसा के मामले में कमल गौतम को गिरफ्तार किए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस के पास उसके हिंसा में शामिल होने के पुख्ता सुबूत हैं, जिनके आधार पर गिरफ्तारी की गई है। उसे शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। ब्यूरो