हज के लिए सात दिसंबर तक होंगे आवेदन
सहारनपुर। हज कमेटी ऑफ इंडिया के निर्णय के अनुसार हज पर जाने के इच्छुक लोग 15 नवंबर से सात दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट हज कमेटी डॉट जीओवी डॉट इन पर ही हो सकता है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि इच्छुक लोग फॉर्म डाउनलोड कर हॉड कॉपी के रूप में भी आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए उनके कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
नई कार्यकारिणी के गठन पर विचार किया
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश सीनियर बेसिक शिक्षक संघ की बैठक रामकृष्ण परमहंस स्कूल रायवाला में हुई। बैठक में संगठन की नई कार्यकारिणी के गठन पर मंथन किया गया। सर्व सम्मति से चुनाव से पहले तमाम विद्यालयों में संपर्क करने पर सहमति बनी। विजय कुमार ने कहा कि संगठन शिक्षकों की समस्याओं को लेकर चिंतित है। किसी भी स्तर पर अपने साथियों का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। बैठक में रामकुमार शर्मा, कंवरपाल, यशपाल सिंह, अवनीश शर्मा, सुनल शर्मा, नरेंद्र, विष्णु शर्मा, सत्यनारायण, प्रमोद पुंडीर, रजा जैदी आदि मौजूद रहे।