एसडीएम ने ग्राम सभा के खाते में दर्ज कराई जमीन
देवबंद/सहारनपुर। सरकारी जमीनों पर हुए कब्जों को लेकर कुछ जगहों पर तहसील स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में एसडीएम देवबंद ने गलत तरीके से कुछ लोगों के नाम चल रही ग्राम पंचायत की जमीन का इंद्राज खारिज कर जमीन ग्राम सभा के नाम कराई। तहसीलदार और ग्राम प्रधान को जमीन पर कब्जा लेने के निर्देश दिए।
दरअसल, देवबंद के गांव अल्हनपुर और अतराखेड़ी उर्फ डाकोवाली में खसरा नंबर 79 छह रकबा 0.423 हेक्टेयर जमीन पर बालेश्वर पुत्र मंगल, शेरपाल पुत्र प्रेम और प्रवीण पुत्र नाथीराम का नाम राजस्व अभिलेखों में दर्ज चल हा था। लोगों की शिकायत थी कि उक्त जमीन ग्राम पंचायत की है। शिकायत मिलने के बाद एसडीएम रामविलास यादव ने इसकी जांच कराई, जिसमें यह खुलासा हुआ कि जमीन ग्राम पंचायत की है, जिसपर गलत तरीके से कब्जा किया गया है। एसडीएम ने जमीन का इंद्राज खारिज करते हुए जमीन को ग्राम पंचायत के खाते में दर्ज कराया। साथ ही तहसीलदार और ग्राम प्रधान को जमीन पर अतिशीघ्र कब्जा लेने के निर्देश दिए। एसडीएम ने बताया कि सरकारी जमीनों पर जहां भी कब्जा है उसे ऐसे ही अभियान चलाकर हटवाया जाएगा। एसडीएम की कार्रवाई से सरकारी जमीनों पर कब्जा करने वालों में हड़कंप है।
तहसील स्तर पर एंटी भूमाफिया स्क्वायड बनाए गए हैं। कई जगहों पर अभी तक सरकारी जमीनों को कब्जामुक्त कराया जा चुका है। अब यह अभियान सरकारी जमीनों को कब्जामुक्त कराने तक जारी रहेगा।
- एसके दुबे, एडीएम-प्रशासन।