पुलिस ने दिल्ली-देहरादून हाईवे और बेगमपुल पर चलाया अभियान
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर शुक्रवार रात और शनिवार को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक यातायात और संभागीय परिवहन अधिकारी के नेतृत्व में अभियान चला। इसमें दो रोडवेज सहित 17 बसों और 50 से अधिक अन्य वाहनों के चालान किए।
यह कार्रवाई ओवरलोडिंग, काली फिल्म और एचएसआरपी नंबर प्लेट न लगाने पर हुई। शराब पीकर वाहन चलाने और हेलमेट न लगाने वालों पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक यातायात राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए थे। शुक्रवार रात दिल्ली-देहरादून हाईवे पर 15 बसों का चालान हुआ। शनिवार को दिल्ली सड़क पर बेगमपुल के पास भी चेकिंग की गई। एसपी यातायात ने बताया कि उनके कार्यालय पर क्षेत्र के टोल प्लाजा के मैनेजर व प्रतिनिधियों की बैठक बुलाई गई। उन्हें निर्देश दिए कि अपने टोल प्लाजा पर लाउडस्पीकर लगाकर देश भक्ति के गीत बजाएं। यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए यातायात नियम की भी जानकारी दें।