सरधना। दुर्वेशपुर के ग्राम प्रधान के आवास पर बुधवार को जिला सहकारी बैंक मेरठ द्वारा राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक नाबार्ड द्वारा वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं केे बारे में बैंक अधिकारियों द्वारा जानकारी दी गई। इस मौके पर ग्राम प्रधान नसीम खां व पूर्व प्रधान रऊफ खां ने भी ग्रामीणों को बैंक कर्मचारियों द्वारा दी गई जानकारी से लाभ उठाने की बात कही। इस मौके पर जिला सहकारी बैंक कंकरखेड़ा के बैंककर्मी पीसी गुप्ता, हसमत, शफीक, इस्तकार आदि मौजूद रहे।
तालाब की भूमि कब्जा मुक्त कराने की मांग
सरधना। जुल्हेड़ा गांव के ग्रामीणों ने तालाब की भूमि पर हो रहे अवैध कब्जे की शिकायत की। आरोप लगाया कि धीरे-धीरे इसी तरह से तालाब की भूमि पर कब्जा होता रहा तो तालाबों का अस्तित्व ही खतरे में पड़ जाएगा। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी तालाबों की भूमि को कब्जा मुक्त नहीं कराया जा रहा बल्कि अब भी धड़ल्ले से तालाबों की भूमि पर अवैध कब्जे किए जा रहे हैं। शिकायत करने वालों में मनोज कुमार, अमित कुमार, वीरसैन, चंद्रकेतू त्यागी आदि शामिल रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि तालाब की भूमि को कब्जा मुक्त नहीं कराई तो कोर्ट का सहारा लेेंगे। एसडीएम अमित कुुुमार ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।