अमर उजाला ब्यूरो
मवाना। संयु्क्त व्यापारी एसोसिएशन द्वारा विभिन्न समस्याओं के संबंध में उपजिलाधिकारी के नाम नायब तहसीलदार रुबी सिंह को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान कराने की मांग की।
एसोसिएशन ने कहा कि सरकार द्वारा आधार कार्ड बनाने अथवा उसमें संशोधन कराने के लिए डाकखानों एवं बैंक में काउंटर लगाने का आदेश दिया है। इससे क्षेत्रवासियों की शामत आ गई है। नगर में किसी भी बैंक अथवा डाकखाने में आधार कार्ड का कार्य नहीं हो पा रहा है। जिसे छात्रों, नौकरीपेशा, व्यापारियों आदि को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इस कार्य के लिए उन्हें हस्तिनापुर अथवा परीक्षितगढ़ जाना पड़ रहा है। मवाना में डाकघर के तीन काउंटर हैं। एक बड़ा डाकघर सुभाष चौक, डाकखाने वाली में है। एक तहसील मवाना के समीप, तीसरा शुगर फैक्ट्री के करीब है। जब से डाकघरों में केंद्र सरकार द्वारा नया सॉफ्टवेयर अपग्रेड कराया गया है, तभी से कभी-कभी कनेक्टिविटी आती है। जिस कारण रजिस्ट्री, स्पीडपोस्ट आदि नहीं हो पा रही हैं। जिससे आमजन, व्यापारी, वकील और सरकारी विभाग के कर्मचारी परेशान हैं। नगरवासियों को मजबूर होकर ज्यादा रुपये देकर कोरियर का सहारा लेना पड़ रहा है। जिससे सरकार और उपभोक्ता को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
प्रधानमंत्री द्वारा गरीबों के लिए चलाई जा रही आयुष्मान योजना के तहत गोल्डन कार्ड मवाना सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में कंप्यूटर द्वारा बनाया जाना है। इस कार्य के लिए जिसे जिम्मेदारी दी गई है वह अधिकतर धूप में बैठा रहता है और यदि कोई आकर कार्ड बनाने के लिए कहता है तो अभद्रता करता है। इस कर्मचारी की वजह से केंद्र की अहम योजना का लाभ कस्बावासियों को नहीं मिल रहा है। व्यापारियों का कहना है कि उपरोक्त समस्याओं की प्राथमिकता के आधार पर जांच कराकर सख्त कार्रवाई कर सुविधा बहाल कराने की कृपा करें। यहां एसोसिएशन के अध्यक्ष शैवाल दुबलिश, गौरव रस्तोगी, अक्षय शर्मा, मांगेराम मित्तल, सोनू सूर्या, शिवकुमार सैनी, वीरेसैन, शहजाद, दिलशाद, इमरान, महबूब, असजद, नदीम, अर्चित जैन, फुरकान, नौशाद आसिफ, अम्बुज गुप्ता आदि थे।
मुख्य बातें
संयु्क्त व्यापारी एसोसिएशन ने नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा
सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक नहीं पहुंचने देने का लगाया आरोप