मन कक्ष में होगा मानसिक रोगों का इलाज
- जिला अस्पताल में निर्माण कार्य शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। जिला अस्पताल में मन कक्ष का निर्माण कराया जा रहा है, जिसमें मानसिक रोगों का इलाज होगा। कक्ष का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। यह ओपीडी के सामने पैथोलॉजी लैब के बराबर में बनाया जा रहा है।
जिला अस्पताल के एसआईसी डॉ. पीके बंसल ने बताया कि अस्पताल में काफी समय से मानसिक रोगों की ओपीडी संचालित की जा रही है। अब यहां मन कक्ष का निर्माण कराया जा रहा है। मानसिक रोगों की ओपीडी में कुछ ऐसे मरीज भी आते हैं, जिन्हें दवाओं की नहीं बल्कि काउंसलिंग की जरूरत होती है। ऐसे मरीजों का इलाज काउंसलिंग द्वारा मन कक्ष में किया जाएगा।
इसके लिए मानसिक रोग विशेषज्ञ, काउंसलर पहले से जिला अस्पताल में इलाज कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग से भी काउंसलर और अन्य स्टाफ इसके लिए मांगा गया है। अगले महीने से मन कक्ष के शुरू होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया पिछले करीब छह माह से चल रही है, जिसे अब अमली जामा पहनाया जा रहा है। फिलहाल काउंसलर भी ओपीडी में ही बैठ रही हैं। जिला अस्पताल में हर रोज 50 से ज्यादा मरीज आते हैं।