मेरठ। शहर में यातायात व्यवस्था को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस एक दिसंबर से बेगमपुल से मेडिकल कॉलेज तक ई रिक्शा प्रतिबंधित करने की तैयारी में है। एसपी ट्रैफिक ने मंगलवार को ट्रैफिक पुलिस के साथ मीटिंग कर ई रिक्शाओं का रूट प्लान बनाया। आरटीओ विभाग में अब रजिस्ट्रेन पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
हाईकोर्ट के आदेश पर शहर में बेगमपुल से मेडिकल कॉलेज तक नो टेंपो जोन घोषित है। इस रूट पर सबसे ज्यादा ई रिक्शा ट्रैफिक पुलिस के लिए मुसीबत बन रही हैं। हापुड़ अड्डा चौराहे पर ई रिक्शा के कारण ही व्यवस्था बिगड़ रही है। एक दिसंबर से इस रूट पर सख्ती के साथ ई रिक्शा भी बंद कराई जाएगी। नियम तोड़ने पर पर कार्रवाई भी की जाएगी। शहर में यह दूसरा स्थान है जहां ई रिक्शा प्रतिबंधित होंगी। पांच दिन पहले कैंट बोर्ड ने आबूलेन पर भी ई रिक्शा प्रतिबंधित की थी।
3200 ई रिक्शा में 12 सौ लिसाड़ीगेट क्षेत्र में
एसपी ट्रैफिक संजीव बाजपेई का कहना है कि आरटीओ विभाग से करीब 3200 ई रिक्शा ही रजिस्टर्ड है। बाकी अन्य सभी ई रिक्शा अवैध हैं। अवैध ई रिक्शाओं पर पुलिस कार्रवाई भी कर रही है। 32 सौ ई रिक्शा में से 12 सौ ई रिक्शा लिसाड़ीगेट क्षेत्र के पते पर रजिर्स्ड हैं। 280 ई रिक्शा नौचंदी और 220 ई रिक्शा कोतवाली क्षेत्र में है। ट्रैफिक पुलिस के अफसरों का कहना है कि आरटीओ विभाग के अधिकारियों से कहा गया है कि अब यदि ई रिक्शाओं का रजिस्ट्रेशन बंद नहीं हुआ तो व्यवस्था और भी बिगड़ जाएगी।
रूट प्लान के अनुसार चलेंगी
जैसे ही नो टेंपो जोन में ई रिक्शा प्रतिबंधित होंगी। उसके बाद शहर में ई रिक्शा रूट के अनुसार चलेंगी। ई रिक्शाओं के चलने के लिए 25 रूट पर विचार किया जा रहा है। रूट के लिए ई रिक्शा पर नंबर और रूट का मार्ग भी लिखा जाएगा। शहर के बाहरी मार्गों पर भी कुछ ई रिक्शाओं को भेजा जाएगा।