देवबंद। बिजली चोरी रोकने और राजस्व वसूली अभियान के तहत शुक्रवार को विद्युत निगम की टीम ने पुलिस बल के साथ खेड़ामुगल क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 94 लाख रुपये से अधिक का बकाया होने पर 158 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए। इससे उपभोक्ताओं में हड़कंप मचा रहा।
विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता रविंद्र बाबू और अधिशासी अभियंता वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में निगम की टीम पुलिस बल के साथ खेड़ामुगल गांव में पहुंची। इस दौरान चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान 478 परिसरों को चैक किया गया। वीरेंद्र सिंह ने बताया कि 94 लाख रुपये से अधिक का बकाया होने पर 158 कनेक्शन काटे गए।
बकाए पर 50 और बिजली चोरी में 9 लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई है। उन्होंने उपभोक्ताओं से कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए बिजली चोरी न करने और बकाया जमा कराए जाने का आह्वान किया। इस मौके पर उपखंड अधिकारी नागल लक्ष्मीकांत बिंद, उपखंड अधिकारी तल्हेड़ी संतोष कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।