कूड़ा डालने का विरोध बेमियादी धरने पर लोग
मुरादनगर। गाजियाबाद नगर निगम द्वारा कूड़ा डालने के विरोध में शुक्रवार को शाहपुर-मोरटा मार्ग पर ग्रामीण बेमियादी धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों का कहना है कि किसी भी कीमत पर प्रस्तावित डंपिंग ग्राउंड में कूड़ा नहीं डालने दिया जाएगा। उन्होंने डीएम को पत्र लिखकर सूचना दी। बुधवार को ग्रामीणों ने महापंचायत कर आरपार की लड़ाई का एलान किया था। वह गांधीगीरी कर डंपिंग ग्राउंड विरोध कर रहे हैं।
शाहपुर-मोरटा मार्ग पर गाजियाबाद नगर निगम द्वारा शहर का कूड़ा डालने के लिए डंपिंग ग्राउंड बनाया गया। मोरटा गांव के ग्रामीणों का कहना है कि जिस जमीन पर कचरा डंप किया जा रहा है, उसके आसपास दो स्कूल हैं और करीब आधा किमी की दूरी पर आबादी है। निगम यहां कचरा डालेगा तो स्कूल के बच्चे और गांवों में ग्रामीणों में बीमारी फैलने का खतरा है। बृहस्पतिवार ग्रामीण साइड पर कचरा डालने का विरोध करते आ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि नगर निगम के अधिकारी शाहपुर-मोरटा मार्ग पर ही डंपिंग ग्राउंड क्यों बनाना चाहता है। डंपिंग ग्राउंड के विरोध में शुक्रवार को ग्रामीण उक्त जमीन पर बेमियादी धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों का कहना है कि शाहपुर-मोरटा मार्ग से भदौली, शमशेर, बहादरपुर, मथुरापुर, मकरेड़ा, भीकनपुर आदि गांव के लोगों का आवागमन है। ग्रामीणों का कहना है कि किसी भी कीमत पर उक्त स्थान पर डंपिंग ग्राउंड नहीं बनने दिया जाएगा। बताया गया है कि वह गांधीवादी विचारधारा के साथ धरने पर बैठे है। विनीत त्यागी, संदीप त्यागी, दिनेश, प्रवीन त्यागी, जितेंद्र त्यागी, उपेंद्र, सोनू, राजेंद्र त्यागी आदि धरने पर बैठे है।