महिला उत्पीड़न की वॉट्सएप नंबर पर करें शिकायत
- 6306511708 नंबर पर करें शिकायत
- महिला आयोग सदस्या राखी त्यागी ने सर्किट हाउस में की जनसुनवाई
मेरठ। देश में बढ़ते महिला उत्पीड़न के मामलों पर सरकार गंभीर होती जा रही है। इसके लिए महिला आयोग को भी हर महीने जिला स्तर पर जनसुनवाई करने के लिए कहा गया है। इसी क्रम में महिला आयोग की सदस्या राखी त्यागी हर महीने जनुसनवाई कर महिला उत्पीड़न के मामलों का निस्तारण कर रही हैं। वहीं, महिलाओं की सहायता के लिए आयोग की तरफ से वॉटसएप नंबर 6306511708 जारी किया गया है। जिस पर महिला अपनी शिकायत भेज सकती हैं। इस नंबर पर शिकायत भेजने के बाद जिले के प्रोबेशन अधिकारी को सूचित किया जाएगा। इस नंबर पर महिला अपनी आईडी सहित समस्या को शनिवार और रविवार को छोड़कर सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक भेज सकती हैं।
बुधवार को सर्किट हाउस में सदस्या राखी त्यागी ने जनसुनवाई करते हुए कहा कि महिलाओं को भी समाज में पुरुषों के समान अधिकार प्राप्त हैं। इसलिए वह अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें। जनसुनवाई के दौरान उन्होंने 20 प्रकरणों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही प्रकरण की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देश दिए। इस मौके पर जिला प्रोबेशन अधिकारी शत्रुघन कन्नौजिया, सीओ संजीव देशवाल, प्रभारी महिला थानाध्यक्ष सहित आशा ज्योति केंद्र की सदस्या, काउंसलर भी मौजूद रहे।