निलौहा में गलियों से लेकर सचिवालय तक सफाई कराई
मवाना। प्रमुख सचिव के गांव निलौहा में दौरे को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। दूसरे दिन रविवार को भी अधिकारी गांव में डटे रहे और वहां गलियों से लेकर ग्राम सचिवालय आदि तक की सफाई कराई।
बताते चलें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे से पहले प्रमुख सचिव का दौरा मेरठ में प्रस्तावित है। गांव निलौहा में प्रमुख सचिव के आने की पूरी संभावना है। शनिवार को भी एसडीएम ने अधिकारियों के साथ मिलकर ग्रामीणों एवं प्रधान के साथ बातचीत की। वहीं, रविवार को अवकाश होने के बावजूद बीडीओ सुनित भाटी के नेतृत्व में संबंधित विभाग के अधिकारी गांव में डटे रहे। गांव की सफाई तथा ग्राम सचिवालय में रंगाई-पुताई कराई। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं का निस्तारण भी शुरू कर दिया है। वहीं, प्रमुख सचिव के गांव में दौरे की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों में खुशी की लहर है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रमुख सचिव के संभावित दौरे से ही अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। गांव की सफाई व्यवस्था बेहतर करा दी गई है। रोज ही प्रमुख सचिव का दौरा होता रहे तो ग्रामीण क्षेत्र की समस्या जल्द खत्म हो जाएगी।
गोशाला की भी सफाई कराई
नगर स्थित श्री हस्तिनापुर पिंजरापोल गोशाला की भी रविवार को सफाई कराई गई। प्रमुख सचिव का दौरा होने के चलते नगर पालिका के ईओ एसके सिंह व बीडीओ सुनित भाटी रविवार को गोशाला पहुंचे। यहां उन्होंने अपने पशुओं की गिनती कराने के साथ गोशाला में भूसा भंडार, चौकीदार का नाम, सांड़ की गिनती एवं अन्य वस्तुओं की लिस्ट बनाकर प्रशासन को सौंप दी। दौरे को लेकर गोशाला के पदाधिकारी भी उसे चमकाने में जुटे हुए हैं। रविवार को छुट्टी के दिन भी नगर पालिका के कर्मचारियों को गोशाला की सफाई के लिए लगाया गया है। इस संबंध में नगर पालिका ईओ ने बताया कि उनके 37 पशु गोशाला में हैं। जेसीबी एवं कर्मचारी लगाकर सफाई कराई गई है तथा व्यवस्थाओं को देखा गया है।