पिता-पुत्र से नगदी, मोबाइल, बाइक लूटी
दौराला। मटौर-बड़कली मार्ग पर शनिवार देर रात बाइक सवार पिता-पुत्र के साथ आधा दर्जन बदमाशों ने मारपीट करते हुए लूटपाट की। बदमाश दोनों से मारपीट कर बाइक नगदी व मोबाइल लूटने के बाद उनके हाथ-पांव बांधकर खेत में फेंककर फरार हो गए। किसी तरह बंधनमुक्त होकर पीड़ितों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कॉबिंग की। पीड़ित ने थाने पर घटना की तहरीर दी है।
बड़कली निवासी महेश हुड्डा बदांयू में नौकरी करते है। शनिवार देर रात वह बदांयू से घर आ रहे थे। इस दौरान उनका पुत्र लव हुड्डा भी उनके साथ थे। बताया गया कि जब वह मटौर-बड़कली मार्ग से होते हुए गांव जा रहे थे तो रास्ते में बाबा बिहारीदास मठ के पास खड़े आधा दर्जन बदमाशों ने उनको डंडा मारकर जमीन पर गिरा दिया और तमंचे के बल पर लूटपाट की। विरोध करने पर बदमाशों ने उनके साथ मारपीट भी की। बदमाश उनसे 12 हजार रुपये, दो मोबाइल एवं बाइक लूट कर उनके हाथ पांव बांधकर खेत में डाल गए। किसी तरह बंधन मुक्त होकर गांव पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। आनन-फानन में मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी लेते हुए जंगल में बदमाशों की तलाश की लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। रविवार को पीड़ित ने दौराला थाने पर घटना की तहरीर दी है।