रैपिड रेल कॉरिडोर की विशेष कार्यशाला में जुटेंगे अधिकारी
- कौशांबी के होटल रेडिसन ब्लू में आज आयोजित होगी कार्यशाला
- जमीन, संसाधन आदि पर कार्यशाला पर होगी वार्ता
मेरठ। रैपिड रेल प्रोजेक्ट को तेज गति से बढ़ाने के लिए मेरठ और गाज़ियाबाद के अधिकारी आज मंथन करेंगे। कौशांबी के रेडिसन ब्लू होटल में होने वाली इस बैठक में कॉरिडोर को मिलने वाली जमीन पर भी मंथन किया जाएगा। इसके अलावा रैपिड के साथ कॉरिडोर पर होने वाले विकास कार्यो पर भी फोकस किया जाएगा। बैठक के लिए मेरठ और गाजियाबाद के जिलाधिकारी सहित एमडीए के अधिकारियों को भी बुलाया गया है। वहीं, कॉरिडोर के साथ मिलने वाली जमीन के रेट पर चर्चा के लिए डीआईजी स्टांप को भी बैठक में बुलाया गया है। इसके अलावा एडीएम भूमि/अध्याप्ति भी मौजूद रहेंगे।
मेरठ मेट्रो पर भी होगी चर्चा
बैठक में महत्वपूर्ण बात यह है कि परतापुर से रैपिड के ट्रैक पर चलने वाली मेरठ मेट्रो को भी कार्यशाला में स्थान दिया गया है। इसके लिए प्रभारी मेट्रो सेल और नगर नियोजक भी बैठक में शामिल होंगे। हालांकि, प्रदेश सरकार भी मेरठ में मेट्रो चलाने के लिए प्रयासरत है। हाल ही में हुई बैठक में सीएम योगी आदित्यनाथ ने से उत्तर प्रदेश मेट्रो सेल कॉरपोरेशन बनाने का निर्देश दिया है।
हर महीने हो रही समीक्षा बैठक
इसके अलावा रैपिड के संबंध में कमिश्नर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठकों का आयोजन भी किया जा रहा है। केंद्र और प्रदेश सरकार के इस प्राथमिकता वाले प्रोजेक्ट के लिए अधिकारी भी गंभीर हैं। वहीं, लखनऊ में भी तीन महीने के अंदर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें प्रोजेक्ट को मिलने वाली जमीन अधिग्रहण पर भी समीक्षा की जा रही है।