झूला मालिक पर धारदार हथियार से हमला
परीक्षितगढ़। बाबा ढाकपीर उर्स मेला के समापन के बाद रविवार को आधा दर्जन लोगों ने रेल झूला मालिक पर धारदार हथियारों से हमला कर घायल कर दिया। मेला कमेटी के लोगों ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायल ने सीएचसी में भर्ती कराया। पीड़ित ने दो नामजद व चार अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
जिला शामली दयानंद नगर निवासी महेश जैन पुत्र कमलैश ने परीक्षितगढ़ उर्स मेले में रेल झूला लगाया था। शनिवार को मेले का समापन हो गया। रविवार को झूला मालिक मजूदरों के साथ सामान एकत्रित कर रहे थे। इसी दौरान आधा दर्जन लोग मेला मैदान में पहुंचे और झूला मालिक को घेर कर धारदार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े। आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। कमेटी के लोगों की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया। मेला कमेटी के अध्यक्ष सतीश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष जीशान सैफी, गुड्डू प्रजापति ने थाने पहुंच कर हमलावरों को गिरफ्तार करने की मांग की। घायल ने दो लोगों को नामजद व चार अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। समाचार लिखे जाने तक मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।