- केएमसी अस्पताल में हुई विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर गोष्ठी
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। बागपत रोड स्थित केएमसी अस्पताल में शुक्रवार को विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर गोष्ठी हुई। इसमें चिकित्सकों ने तंबाकू से होने वाले नुकसान बताए। अस्पताल के प्रबंध निदेशक डा. सुनील गुप्ता ने कहा कि तंबाकू कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी का जनक है। इससे बचने के लिए सभी जागरूक करना आज जरूरी है।
डा. सुनील गुप्ता ने कहा कि तंबाकू से देश में लाखाें लोग गंभीर बीमारियों के शिकार हो रहे हैं। यही नहीं इस समय किशोर भी तंबाकू के सेवन के आदी होते जा रहे हैं। जिससे किशोर भी आज गंभीर बीमारी की पकड़ में आता जा रहा है। इसके लिए सभी को मिलकर संकल्प लेते हुए जन जागरूकता अभियान चलाना होगा। गोष्ठी में डॉ. प्रतिभा, डॉ. बीएन सतपती, डॉ. निधि अग्रवाल, डॉ. मनु शर्मा, डॉ. राजीव जैन, डॉ. सचिन तोमर, डॉ. अमिताभ गौतम, डॉ. संदीप जैन, डॉ. पीके जैन, डॉ. शिवचरण आदि ने विस्तार से विचार रखे।
मेडिकल कॉलेज में भी हुआ आयोजन
मेडिकल कालेज के डेंटल डिपार्टमेंट ने आईडीए मेरठ कैंट शाखा के साथ विश्व तंबाकू दिवस मनाया। प्रधानाचार्य डॉ. आरसी गुप्ता ने लोगों को तंबाकू के सेवन न करने की सलाह दी। डॉ. राकेश दूबे ने मरीजों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के बारे में बताया। डेंटल विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अनामिका शर्मा ने तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति मरीजों को जागरूक किया। आईडीए मेरठ कैंट शाखा के सचिव डॉ. विशाल शर्मा ने कहा कि तंबाकू, गुटखा, बीडी, सिगरेट के सेवन से गंभीर बीमारी का खतरा रहता है। उन्होंने इससे निजात पाने के उपाय भी बताए। इस दौरान डॉ. रियाज अहमद, डॉ. असीब, डॉ. मनु शर्मा, डॉ. चित्रप्रिया, डॉ. नेहा ठाकुर, डॉ. निमिष त्यागी, डॉ. विष्णु शर्मा, रूथ रानी सिंह, देवी प्रसाद, नेहा गर्ग और मो. समीर आदि मौजूद रहे।
विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर निकाली रैली
मेरठ। विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन मेरठ तथा इंडियन चेस्ट सोसायटी के तत्वावधान में शुक्रवार सुबह जन जागरण रैली का आयोजन किया गया। यह रैली सुबह 7 बजे बच्चा पार्क चौराहे से चलकर बेगमपुल तक पहुंची और फिर वापस बच्चा पार्क पहुंचकर समापन हुआ। रैली का नेतृत्व करते हुए नेशनल मेडिकोज आर्गेनाइजेशन के अध्यक्ष व छाती सांस रोग विशेषज्ञ डॉ. वीरोत्तम तोमर, एनएमओ के सचिव व बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. उमंग अरोरा ने आम जनता को तंबाकू से होने वाले दुष्परिणामों, मुंह का कैंसर, फेफड़े का कैंसर, सीओपीडी ,सांस की बीमारी, हार्ट अटैक, पैरालिसिस के बारे में अवगत कराया।
तंबाकू से होती है नशे की शुरूआत
मेरठ। पर्यावरण एवं स्वच्छता क्लब द्वारा जेल चुंगी चौराहा में विश्व तंबाकू निषेध दिवस मनाया। क्लब निदेशक आयुष गोयल, पीयूष गोयल ने युवाओं को नशे और तंबाकू के सेवन से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि नशे की शुरुआत तंबाकू सेवन से होती है। एक बार नशे की आदत पड़ने पर बार-बार नशा करने की तलब लगती है। उन्होंने यह भी बताया कि भारत में 40 प्रतिशत कैंसर केवल तंबाकू और गुटखा सेवन के कारण होते हैं। सौंफ और मिश्री से नाता जोड़ो गुटका तंबाकू आज ही छोड़ो। सरकार से तंबाकू बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। एसके शर्मा, वरुण गोयल, धर्मपाल अरोरा, अमीचंद, चतर सेन, प्रथम अग्रवाल उपस्थित रहे। आयुष गोयल, पीयूषस गोयल ने भी सहयोग दिया।
तंबाकू से फैलती है बीमारी
मोदीपुरम/कंकरखेड़ा/गंगानगर। सोसाइटी ऑफ ग्रीन वर्ड फॉर सस्टेनेबिल इनवायरमेंट के तत्वावधान में शुक्रवार को विश्व तंबाकू निषेध दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि तंबाकू कैंसर का कारण बनता है। कृषि विवि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक एवं सोसाइटी के सचिव डॉ. आरएस सेंगर ने कहा कि तंबाकू में 28 तरह के कार्सिनोजनक तत्व होते है। इसमें निकोटिन जैसे विषैले तत्व होते हैं। इससे न्यूरोटांसमोटर्स का अधिक रिसाव होने लगता है, जो हमारे लिए खतरनाक है। डॉ. सेंगर ने कहा कि धूम्रपान बंद करने से दिल की बीमारी, दमा, टीबी व कैंसर आदि बीमारियों से बचा सकता है। कार्यक्रम में आलोक कुमार सिंह, अभिषेक सिंह, निशा मलिक, अविनाश सिंह, सरिता, निहस व मुकेश शर्मा आदि मौजूद रहे। वहीं श्रद्धापुरी फेज-2 स्थित डीपीएमआई पैरा मेडिकल इंस्टीट्यूट में तंबाकू निषेध दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इंस्टीट्यूट के छात्र-छात्राओं ने रैली निकाली और नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया। रैली को इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर मनीष पाठक ने रवाना किया। डायरेक्टर मनीष पाठक ने छात्रों को तंबाकू से होने वाली बीमारियों के बारे में बताया। इस दौरान आशु, सिमरन, रीतिका, ज्योति, देवेंद्र, गौरव, विशाल, सचिन, प्रियांशु आदि मौजूद रहे। वहीं गंगानगर स्थित हाइटेक इंस्टीट्यूट में भिडवारियां शिक्षा प्रचार-प्रसार समिति द्वारा विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर छात्र-छात्राओं को तंबाकू के खतरों के प्रति जागरूक किया। इंस्टीट्यूट बादल सिंह ने पोस्टर के जरिये तंबाकू से होने वाली हानियों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान नेहा, सोनू और इंस्टीट्यूट के छात्र-छात्राओं का सहयोग रहा।