संविदा कर्मियों की हड़ताल खत्म, ठीक होने लगे फाल्ट
- वेतन भुगतान नहीं होने से तीन दिन से चल रही पीवीवीएनएल लाइन स्टाफ की हड़ताल वेतन मिलने पर हुई खत्म
- हड़ताल के चलते कई दिन से पटरी से उतरी थी शहर और गांव की बिजली, हड़ताल खत्म होने से मिली उपभोक्ताओं को राहत
मेरठ। पीवीवीएनएल संविदाकर्मियों की हड़ताल शुक्रवार को वेतन रिलीज होने से खत्म हो गई। हड़ताल खत्म होेनेे से फाल्ट ठीक होने लगे हैं। इससे बिजली विभाग के साथ ही उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है।
पिछले कई माह से वेतन नहीं मिलने पर पीवीवीएनएल के संविदा लाइन स्टाफ ने तीन दिन से हड़ताल कर रखी थी। हड़ताली कर्मचारी विक्टोरिया पार्क स्थित मुख्य अभियंता ऑफिस पर अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे थे। मुख्य अभियंता के साथ चली वार्ता आश्वासन देने पर विफल हो गई थी। कर्मचारियों की मांग थी कि जब तक वेतन भुगतान खातों में नहीं जाएगा तब तक हड़ताल वापस नहीं होगी। शुक्रवार को अधीक्षण अभियंता शहर संजीव राणा के साथ हड़ताली कर्मियों की वार्ता हुई। संविदा-निविदा कर्मचारी समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि वार्ता में अधीक्षण अभियंता ने बताया कि अधिकतर कर्मियों के खातों में वेतन भेज दिया गया है। जो बचे है उनको भी वेतन दिला दिया जाएगा। इसके बाद हड़ताल खत्म कर दी गई। इस मौके पर मोहम्मद कासिफ, अमित खारी, रवींद्र, देवेंद्र, मुकेश, नरेश, राजबीर आदि मौजूद रहे।
....................----------------------------
हड़ताल खत्म होने से मिली राहत
संविदा लाइन स्टाफ की हड़ताल के चलते बिजली फाल्ट ठीक नहीं होे पा रहे थे। इससे चारों तरफ हाहाकार मचा था। लोग गर्मी से बिलबिला रहे थे और पीने का पानी तक भी नहीं मिल रहा था। कर्मचारियों की हड़ताल खत्म होने से उपभोक्ताओं को राहत मिलनी शुरू हो गई है।