किशोरी को जिंदा जलाने के मामले में गिरफ्तारी नहीं
दौराला। टांडा गांव में बीती बुधवार देर रात एक युवक ने दूसरे समुदाय के घर में घुसकर 14 वर्षीय किशोरी के ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी थी। किशोरी की चीख सुनकर परिजनों ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया था, लेकिन वह फरार होने में कामयाब हो गया था। गंभीर रूप से झुलसी पीड़िता को परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया था। किशोरी की मां ने आरोपी के खिलाफ दौराला थाने में तहरीर दी थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसके परिजनों को हिरासत में लिया था और घटना की जांच में जुटी हुई है।
ग्राम टांडा निवासी ग्रामीण का परिवार बुधवार रात मकान की छत पर सोया हुआ था। इस दौरान उनके मकान की छत पर पड़ोस का अनुज बोतल में मिट्टी का तेल लेकर पहुंचा। उसने किशोरी के ऊपर तेल डालकर आग लगा थी। बेटी की चीख सुनकर उसकी मां की नींद खुली तो उसने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया परंतु वह फरार हो गया था। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से झुलसी किशोरी को समीप के निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया था। उसे गंभीर हालत में दिल्ली के लिए रेफर कर दिया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है। हालांकि घटना के 24 घंटे बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। पीड़ित किशोरी दिल्ली के अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही है। एसओ दौराला रितेश कुमार ने बताया कि जल्द ही पूरी घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।