कोचिंग सेंटरों पर छापामारी, नहीं मिले अग्निशमन यंत्र
- मंगलपांडेनगर फिटजी में आग बुझाने के यंत्र मिले खराब
- एसपी क्राइम ने कई कोचिंग सेंटरों को नोटिस भी दे दिया
मेरठ।
गुजरात के सूरत में कोचिंग सेंटर अग्निकांड के बाद शनिवार को एसएसपी के निर्देश पर एसपी क्राइम के नेतृत्व में फायरब्रिगेड अधिकारियों ने कोचिंग सेंटरों पर छापामारी की। 22 कोचिंग सेंटरों पर अग्निशमन मानक पूरे नहीं मिले। अनहोनी होने पर निकलने के लिए अतिरिक्त निकास द्वार भी नहीं मिला। कई जगह अग्निशमन यंत्र खराब पड़े थे। सभी को नोटिस जारी किया गया है।
एसपी क्राइम डॉ. बीपी अशोक के मुताबिक सीएफओ अजय शर्मा शनिवार दोपहर फायरब्रिगेड टीम को लेकर सबसे पहले मंगलपांडेनगर स्थित फिटजी कोचिंग सेंटर पहुंचे। यहां पर फायर यंत्र खराब मिले, हाईड्रेंट भी नहीं मिले। यह कोचिंग सेंटर बिल्डिंग की तीसरी और चौथी मंजिल पर चल रहा था। इसके बावजूद एक भी अग्नि निकास द्वार नहीं था। गढ़ रोड स्थित आकाश इंस्टीट्यूट में स्मोक डिटेक्टर चालू पाए गए, लेकिन एक अग्निशमन यंत्र खराब मिला। छीपी टैंक पर कृष्णा कांप्लेक्स में ओरिजनल ट्यूटर, लीगल सक्सेज, इंट्रीग्रिटी आईएएस, मेंटोस कोचिंग और करियर लांचर पर अग्निशमन मानक ठीक नहीं मिले। बिल्डिंग में कई कोचिंग सेंटर होने के बावजूद मानकों का अनुपालन नहीं किया गया था। छीपी टैंक स्थित ब्रिटिश इंस्टीट्यूट, गंगानगर में गुरुदेव क्लासेज, आरजी कोचिंग सेंटर, मवाना रोड पर जेई इंस्टीट्यूट, अमरीकन इंस्टीट्यूट ऑफ लैंग्वेज में भी अग्निशमन यंत्र मौजूद नहीं मिले।
ईस्टर्न कचहरी रोड स्थित उत्सव कॉम्प्लेक्स में लक्ष्य इंस्टीट्यूट और एकलव्य कोचिंग सेंटर तीसरे व चौथे फ्लोर पर चलते मिले। यहां भी अग्निशमन सुरक्षा मानक पूरे नहीं थे। गुप्ता क्लासेज और प्रकाश कोचिंग सेंटर में अग्निशमन निकास द्वार नहीं मिले। सीएफओ अजय शर्मा ने बताया कि ज्यादातर कोचिंग सेंटरों में निकास द्वार नहीं थे। पहले दिन करीब 20 कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण किया गया। एक भी सेंटर मानकों पर खरा नहीं उतरा। सभी को नोटिस जारी कर एक हफ्ते में जवाब मांगा गया है। सीएफओ ने बताया कि छापामारी की जानकारी लगते ही कई कोचिंग सेंटर बंद करके संचालक भाग गए। सोमवार फिर से कार्रवाई की जाएगी।
---
शहर में कई मल्टीस्टोरी भवनों की जांच होगी। सूरत में अग्निकांड के बाद से मेरठ शहर में कोचिंग सेंटरों पर अभियान चलाया जाएगा। शॉपिंग मॉल, शिक्षण संस्थान, अस्पताल, सिनेमा हॉल में अग्निशमन मानकों की जांच कराई जाएगी। -नितिन तिवारी, एसएसपी