‘जनता ने तो जिता दिया, सरकार ने हरा दिया’
- गठबंधन प्रत्याशी हाजी याकूब कुरैशी ने लगाया आरोप
- कहा कि दोबारा मतगणना के लिए जाएंगे अदालत
- बोले, हम लीड ले रहे थे, फिर कैसे हार गए
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। मेरठ-हापुड़ लोकसभा सीट के बसपा प्रत्याशी हाजी याकूब कुरैशी का आरोप है कि जनता ने तो उन्हें चुनाव जिता दिया था। लेकिन सरकार के इशारे पर प्रशासन ने चुनाव हरा दिया। यह जब जानते हैं। कहा है कि वह अदालत में अपनी बात रखेंगे।
इस चुनाव में याकूब कुरैशी की 4729 वोटोें से हार हुई है। उन्हें 581455 वोट मिले जबकि भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र अग्रवाल को 586184 मत प्राप्त हुए। यह चुनाव काफी उतार-चढ़ाव वाला रहा। पहले याकूब कुरैशी को वोटों की बढ़त मिली और बाद में राजेंद्र अग्रवाल को। इस बारे में याकूब कुरैशी और उनके पुत्र व मुख्य चुनाव एजेंट हाफिज इमरान ने शुक्रवार को आरोप लगाया। कहा कि जनता ने तो उन्हें चुनाव जिता दिया था। लेकिन प्रशासन पर ऊपर से इतना दबाव था कि चुनाव हरवा दिया गया। इमरान का आरोप है कि पोस्टल बैलेट की स्कैनिंग तक नहीं हुई। अधिकारियों ने कभी सर्वर डाउन बताया तो कभी कुछ और बहाने बनाए। 12 वे राउंड से आगे हो गए थे और 28 वे तक आगे रहे। इसके बाद से इन्हाेंने खेल कर दिया। 31 वें और 32 वे चरण में डाउन करते हुए मामूली अंतर से भाजपा प्रत्याशी को जीत दिला दी। कहा कि वह इस बाबत अदालत का सहारा लेंगे ताकि दोबारा से वोटों की गिनती कराई जा सके।
लोगों से मुलाकात की
मतगणना के बाद शुक्रवार सुबह काफी लोग और पार्टी कार्यकर्ता याकूब कुरैशी के सराय बहलीम स्थित आवास पहुंचे। याकूब ने कहा कि क्षेत्र की जनता ने उन्हें जिस कदर वोट दिया वह हमेशा शुक्रगुजार रहेंगे। इस मौके पर हाजी फिरोज, बसपा मंडल जोन इंचार्ज सतपाल पेपला, जिलाध्यक्ष सुभाष प्रधान, मंडल प्रभारी शाहजहां सैफी, दिनेश काजीपुर, मुरारी लाल केन, अमित प्रधान, भोपाल सिंह, सलीम मलिक, सुरेंद्र कुटी, राजवीर सिंह आदि मौजूद रहे।