लोकसभा चुनाव में प्रशासन पूरी तरह पास
- मतदान के बाद मतगणना में भी रही पूर्ण शांति
मेरठ। लोकसभा चुनाव में प्रशासन और पुलिस की जुगलबंदी पूरी तरह कामयाब रही। मतदान से लेकर मतगणना तक इस बार सब कुछ न केवल शांतिपूर्ण ढंग से निपटा, बल्कि कहीं से कोई विवाद या आरोप के मामले भी सामने नहीं आए।
जिलाधिकारी अनिल ढींगरा के नेतृत्व में 11 अप्रैल को जहां मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ तो मतगणना की व्यवस्था भी पूरी तरह चाक चौबंद नजर आई। सबसे बेहतर बात ये रही कि एक बार भी पूरी मतगणना के दौरान किसी भी विधानसभा में कहीं कोई आरोप प्रत्यारोप नहीं लगा। यदि बाद में बसपा प्रत्याशी द्वारा मतगणना में कुछ गड़बड़ी के आरोप की बात छोड़ दें तो बाकी सब शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जबकि बसपा प्रत्याशी के आरोप पर भी जिला अधिकारी ने बहुत ही गंभीरता से उस प्रकरण का निस्तारण कर प्रत्याशी को संतुष्ट कर वापस लौटाया। जिलाधिकारी अनिल ढींगरा ने चुनाव संपन्न होने पर अपने सभी अधीनस्थ अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ जनता का भी आभार जताया। डीएम अनिल ढींगरा ने कहा कि जनता ने बहुत ही समझदारी और भाईचारे के साथ इस चुनावी पर्व को संपन्न कराया।