अवैध संबंधों के शक में की थी राजू की हत्या
सरधना। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गांव खेड़ा निवासी 25 वर्षीय राजू की हत्या में पुलिस ने अटेरना गंगनहर पुल से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी को शक था कि राजू के एक महिला से अवैध संबंध हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहले राजू को शराब पिलाई, नशा होने पर गला दबाकर हत्या कर दी। इसके पश्चात शव हिंडन नदी में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपियों को सोमवार को जेल भेज दिया है।
खेड़ा गांव निवासी राजू पुत्र मटरू बीती 26 अप्रैल को घर से लापता हो गया। परिजनों ने पांच मई को थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। सात दिन पूर्व हिंडन नदी में मिले शव की पहचान परिजनों ने कपड़ों के आधार पर राजू के रूप में की थी। वहीं, पुलिस ने विसरा सुरक्षित रखकर जांच के लिए भिजवाया। बीते रविवार को राजू के भाई कपिल ने आरोपी राजू उर्फ राजेश पुत्र सुरेंद्र, नरेंद्र पुत्र महेंद्र निवासी खेड़ा व संदीप पुत्र मनवीर निवासी गोटका के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों को सोमवार सुबह अटेरना गंगनहर पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी नरेंद्र ने बताया कि उसे शक था कि राजू के एक महिला से अवैध संबंध है। इसको लेकर कई बार झगड़ा भी हुआ। आरोपी के अनुसार उसने राजू उर्फ राजेश और संदीप के साथ मिलकर राजू को शराब पिलाई। इसके बाद उनमें कहासुनी हो गई। जिस पर राजू का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव हिंडन नदी में फेंक दिया। थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि तीनों को हत्या के आरोप में जेल भेज दिया है।