व्यापारियों ने आंदोलन की चेतावनी दी
मवाना। व्यापार बन्धु समाधान दिवस पर संयुक्त व्यापारी एसोसिएशन मवाना के पदाधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल अधिशासी अभियंता एसके निर्भय सिंह से मिला। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्याओं का 15 दिन में समाधान नहीं होने पर उनके कार्यालय पर धरना दिया जाएगा।
एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल अधिशासी अभियंता से मिला तथा रोष जताया कि बीते एक माह से डाली गई जनसूचना के अधिकार के अंतर्गत सूचनाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं। अधिशासी अभियंता द्वारा एसोसिएशन पर उंगली उठाई तो प्रतिनिधिमंडल भड़क गया तथा जबरदस्त विरोध किया। इसको देखते हुए अधिशासी अभियंता ने दो दिन में जनसूचना का जवाब देने का आदेश कर्मचारी रवि को दिए। इससे पहले बिजलीघर के एसएचओ द्वारा फोन पर अभद्रता का मामला उठाया। जिस पर एसडीओ ने बताया कि उन्हें इसके लिए चेतावनी दे दी है। आगे से ऐसा नहीं होगा। इस पर व्यापार मंडल के लोग शांत हुए।
वहीं, पुरानी समस्याओं का समाधान नहीं होने की बात भी उठाई तथा चौहान चौक, मिल रोड, मेरठ रोड पर गल चुके खंभों को बदलने, बाजारों में खंभों पर बाक्स लगाकर तारों को ठीक कराने, हस्तिनापुर रोड पर जैन मंदिर के सामने दुर्गा नमकीन भंडार के सामने जोड़े खंभे पर 100 केवी का ट्रांसफार्मर पिछले वर्ष से खराब पड़ा है। उससे जुड़े कनेक्शन अन्य जगह से चला रखे हैं। इसे ठीक कराने, फीडर तीन की लो वोल्टेज की समस्या से निजात दिलाने, मवाना में लगातार हो रही ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं से वहां बिजली का संकट पैदा हो जाता है। नगर में दो ट्रॉलियों पर ट्रांसफार्मर रखे हों जहां जरूरत हो वहां तुरंत लग सके। कपिल सिनेमा के पास लगे ट्रांसफार्मर से अचानक अधिक वोल्टेज आने से उपभोक्ताओं के कई बार उपकरण फुंक चुके हैं। उसे ठीक कराने की मांग की। समस्याओं का समाधान 15 दिन में नहीं होने पर धरना देने की चेतावनी दी। प्रतिनिधिमंडल में शैवाल दुबलिश, नदीम, राजवीर चौधरी, मांगेराम मित्तल, वीरसेन चौहान, सोनू सूर्या, राजेश खन्ना, राजू गिरधरवाल, अनुज रस्तोगी, गौरव रस्तोगी, पंकज बंसल आदि उपस्थित रहे। अधिशासी अभियंता ने एसडीओ को आदेशित किया कि संबंधित समस्याओं का जल्द समाधान हो।