अमर उजाला ब्यूरो
परीक्षितगढ़।
बीती रात नगर के समीप मवाना परीक्षितगढ़ मार्ग पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने घायल को उपचार के अस्पताल में भर्ती कराया। सोमवार सुबह घायल व्यक्ति का उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर लगते ही पीड़ित परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भर पोस्टमाटर्म को भेज दिया। पीड़ित के भाई ने थाने में अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ग्राम पूठी निवासी 38 वर्षीय नरेश पुत्र दाताराम रविवार रात घरेलू सामान खरीदकर बाइक से अपने गांव पूठी जा रहा था। मवाना मार्ग पर पूठी मोड के समीप सरस्वती इंटर कॉलेज के पास पहुंचा, तभी अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। जिससे नरेश गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को मेरठ जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सोमवार सुबह उपचार के दौरान नरेश की मौत हो गई। मृतक के भाई कलवा ने थाने में अज्ञात वाहन के खिलाफ घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
तार टूटने से विद्युत आपूर्ति बाधित
फलावदा। कस्बे मे बस स्टैंड के पास ओवरलोड गन्ने के ट्रक ने सड़क किनारे लगे बिजली के खंबे में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे खंभा टूटने के साथ ही तार भी टूटकर गिर गए। इससे सुबह तक कसबे की विद्युत आपूर्ति बाधित रही। कस्बे के मुख्य मार्ग से गन्ने के ओवरलोड ट्रैक्टर बेरोकटोक गुजर रहे हैं। जिसके चलते जाम तथा हादसा होने का खतरा बना रहता है। रविवार रात गन्ने के अवर लोड ट्रक ने बस स्टैंड के पास खडे़ बिजली के खंभे में टक्कर मार दी, टक्कर लगने से खंभा टूट गया तथा बिजली के करंट प्रवाहित तार भी टूटकर सड़क पर गिर गए। जिस कारण हादसा होते होते बचा। बिजली घर पर सूचना देकर आपूर्ति बंद कराई। कस्बे के लोगों ने गन्ने के अवर लोड ट्रकों का कसबे से आवागमन रोकने की मांग की है।