विशेष सचिव ने किया तौल केंद्र का निरीक्षण
- एक दिन पूर्व किसानों ने घटतौली का आरोप लगा कांटा बंद करा दिया था
मवाना। टिकौला शुगर मिल के क्रय केंद्र समसपुर पर घटतौली को लेकर हुए हंगामे के मामले में रविवार को सचिव जांच करने पहुंचे। सचिव ने किसानों के सामने क्रय केंद्र की जांच की। जांच में कांटा सही मिला।
बताते चलें कि मेरठ पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित समसपुर क्रय केंद्र पर रविवार को किसानों ने तौल के दौरान तौल लिपिक जतिन पर चार प्रतिशत घटतौली का आरोप लगाया था। किसानों ने क्रय केंद्र पर जमकर हंगामा किया। हंगामे के दौरान कोई अधिकारी नहीं पहुंने पर नाराज किसानों ने क्रय केंद्र पर तौल बंद करा दी थी। मामले की जानकारी मिलने पर सोमवार को मवाना सहकारी विकास समिति के विशेष सचिव प्रदीप शर्मा क्रय केंद्र पर जांच करने पहुंचे। उन्होंने किसानों के सामने कांटे पर गन्ने से लदी बुग्गी, ट्रैक्टर-ट्रॉली का वजन कराया। निरीक्षण में कांटा सही पाया गया। उन्होंने किसानों से भविष्य में कोई भी समस्या न आने का आश्वासन दिया।
---------------------
समिति सचिव को ज्ञापन सौंपा
मवाना। किसान एकता संघर्ष संगठन ने गन्ना किसानों की समस्याओं को लेकर गन्ना सहकारी समिति के सचिव को ज्ञापन देकर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की है। किसान एकता संघर्ष संगठन ने गन्ना समिति सचिव प्रदीप शर्मा को दिए ज्ञापन कहा कि किसानों का गन्ने का बकाया चल रहा है। किसानों को गन्ने की पर्चियां मिलने में भी समस्या आ रही है। समय से पर्ची न मिलने से किसान समय से गेंहू की बुवाई नहीं कर सकेंगे। जिससे किसानों को भारी नुकसान होगा। ज्ञापन में किसानों की समस्याओं का समाधान शीघ्र कराए जाने की मांग की गई। ज्ञापन देने वालों में शौकीन गुर्जर, सचिन प्रधान, अनेश कुमार, सुशील शर्मा, विजयपाल सिंह व अशोक कुमार आदि मौजूद रहे।