गोटका-बपारसी के बीच अज्ञात वाहन ने युवक को टक्क र मारी, घंटों हंगामा
अमर उजाला ब्यूरो
सरधना। मेरठ-करनाल हाईवे पर रविवार दोपहर गोटका-बपारसी गांव के बीच पैदल घर लौट रहे एक युवक को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर हाईवे पर जाम लगा दिया। वे वाहन चालक की तत्काल गिरफ्तारी एवं पीड़ित परिजनों को मुआवजे की मांग करने लगे। इसकी जानकारी पाकर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को बमुश्किल समझाकर शांत कर यातायात सुचारु कराया।
गांव बपारसी निवासी मोहित (22) पुत्र इलम सिंह सुबह खेत में काम करने गया था। वह दोपहर में घर लौट रहा था। इसी दौरान मोहित को किसी अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रास्ते से गुजर रहे ग्रामीणों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। इस पर परिजन एवं सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मोहित का शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। ग्रामीण मौके पर अधिकारियों को बुलाने एवं वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। पुलिस अधिकारियों द्वारा काफी प्रयास के बाद ग्रामीण शांत हुए। इस दौरान कई घंटे तक सड़क पर जाम रहा। वहीं, वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मुल्हैड़ा चौकी प्रभारी राजकुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।