मवाना। एमडीए में 51 गांव शामिल होने के बाद उप निबंधक कार्यालय में बैनामे पर दो प्रतिशत शुल्क अतिरिक्त लेने को सहायक महानिरीक्षक निबंधक ने फिर से हरी झंडी दे दी है। हस्तिनापुर विधायक ने इस पर आपत्ति दर्ज कर मौखिक रूप से आदेश कर चार दिन पहले शुल्क पर रोक लगा दी थी।
बताते चलें कि लगभग एक साल पहले मवाना और आसपास के 51 गांवों को एमडीए में शामिल कर लिया गया था। इन गांवों एवं नगर में विकास करने के लिए उप निबंधक कार्यालय में कृषि भूमि एवं आवासीय भूमि पर दो प्रतिशत शुल्क अतिरिक्त लिया जा रहा था। मामले की जानकारी मिलने पर चार दिन पहले हस्तिनापुर विधायक दिनेश खटीक उप निबंधक कार्यालय पहुंचे और कृषि भूमि पर दो प्रतिशत शुल्क अधिक लेने पर नाराजगी जताई थी। इस पर उन्होंने मौखिक रूप से आदेश जारी कर रोक लगा दी थी। उप निबंधक शांति भूषण चौबे ने इस मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी और स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। इस पर बृहस्पतिवार को सहायक महानिरीक्षक निबंधन विजय तिवारी ने स्थिति की। उन्होंने एक जून 2017 को समस्त उप निबंधक को संबोधित तथा आयुक्त मेरठ मंडल मेरठ, डीएम, सचिव विकास प्राधिकरण व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को पृष्ठांकित किया था। जिसमें निर्देश दिए थे कि उत्तर प्रदेश शासन आवास एवं शहरी नियोजन अनुभाग के अनुपालन में प्रलेखों में परीक्षण उपरांत स्टांप लगवाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने दो प्रतिशत शुल्क अतिरिक्त लेने को हरी झंडी दी। उप निबंधक शांति भूषण चौबे का कहना है कि अधिकारियों ने शुल्क वसूलने के आदेश जारी किए हैं।
शहीद भगत सिंह की जयंती मनाई
फलावदा। कस्बे में शुक्रवार को शहीद भगत सिंह की जयंती पर होली चौक पर हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने शहीद भगत सिंह के चित्र पर माल्यार्पण किया। कार्यकर्ताओं ने भगत सिंह के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा देश को आजादी दिलाने के लिए वीर सपूत शहीद भगत सिंह हंसते हंसते फांसी के फंदे पर झूल गए थे। उन्होंने जीवन में गरीब और बेसहारा लोगों की लड़ाई लड़ी। उन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता है। इस मौके पर हनी रस्तोगी, बंटी, देवपाल, सचिन चौहान, गौतम, रिंकू, आकाश, पवन, मोनू सैनी, दीपक आदि मौजूद थे।