छल कपट से एकत्र की संपत्ति हो जाती है नष्ट
- दिगंबर जैन प्राचीन बड़ा मंदिर हस्तिनापुर में चल रहा पर्यूषण पर्व
हस्तिनापुर। श्री दिगंबर जैन प्राचीन बड़ा मंदिर हस्तिनापुर में पर्यूषण पर्व पर मुनि 108 भाव भूषण महाराज ने प्रवचन करते हुए कहा कि छल कपट से कितनी भी संपत्ति एकत्र कर लें, लेकिन वह सब समाप्त हो जाती है।
पर्यूषण पर्व का शुभारंभ श्री जी का मुख्य वेदी में अभिषेक कर किया गया। उसके बाद मल्लिनाथ भगवान के समवशरण में चल रहे श्री 1008 समवशरण महामंडल विधान में भगवान की शांतिधारा हुई। जिसको करने का सौभाग्य जेके जैन, शीला जैन, सुरेंद्र जैन, नुपुर जैन को तथा सहयोग यज्ञनायक रमेश चंद जैन ने दिया। परम पूज्य मुनि श्री 108 भाव भूषण जी महाराज ने उत्तम आर्जव धर्म पर प्रवचन देते हुए कहा कि पर्यूषण पर्व का यह तृतीय दिन आर्जव धर्म का दिन है जब धर्म प्रवेश करता है तो सभी अधर्म समाप्त हो जाते हैं। ध्यानत राय जी ने भी दक्षलक्षण पूजन में कहा है कि कपट न कीजे कोये, चैरन के पुर ना बसै, सरल सुुभावी होय, ताके घर बहु संपदा। आज विधान में मंडल पर विजय कुमार जैन, रमेश चंद जैन, मुकेश जैन, मनमोहन जैन, सतेंद्र जैन, सुशील जैन, विनोद जैन, शीतल जैन, प्रेमचंद जैन, मोतीलाल जैन, तरस जैन, राजेंद्र जैन, प्रभात जैन, सुनील जैन, अशोक जैन, राकेश जैन, प्रमोद जैन आदि को अर्घ्य चढ़ाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। दोपहर में पूजन समाप्ति के पश्चात इंद्र इंद्राणी एवं पात्रों के लिए शुद्ध भोजन की व्यवस्था की गई। आज का भोजन कराने का सौभाग्य महेश चंद जैन, मनीष जैन, प्रशांत जैन, विपिन जैन को प्राप्त हुआ। संध्याकालीन वेला में क्षेत्र के उपाध्यक्ष जिवेंद्र कुमार जैन ने उत्तम आर्जव धर्म पर प्रवचन किया। संगीतमय महाआरती एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न हुए। सांयकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम के पुरस्कार सरला जैन, संतोष जैन की ओर से प्रदत्त किए गए। उपरोक्त कार्यक्रम में क्षेत्र के महामंत्री मुकेश जैन सर्राफ ने कहा कि - बाहर से पधारे सभी श्रद्धालु भक्ति पूर्वक जिनेंद्र देव की अर्चना पर्यूषण महापर्व को बड़ी धूम-धाम से मना रहे हैं। विधान की समस्त क्रियाएं विधानाचार्य आशीष जैन शास्त्री जी के कुशल निर्देशन में संपन्न हुई। समस्त कार्यक्रम का संचालन क्षेत्र के सदस्य विजय कुमार जैन ने किया। मुकेश जैन (महाप्रबंधक) अशोक जैन, उमेश जैन, कमल जैन, मणिचंद जैन आदि महानुभाव सहयोग कर रहे है।
कच्ची शराब के साथ युवक गिरफ्तार
हस्तिनापुर। थाना पुलिस ने अवैध कच्ची शराब का कारोबार करने वाले ग्राम इकवारा निवासी संदीप पुत्र निर्मल को उसके घर इकवारा से शराब का कार्य करते हुए गिरफ्तार कर लिया। मौके से पचास लीटर अवैध कच्ची शराब और शराब बनाने के उपकरण बरामद कर उसे जेल भेज दिया। थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया की कच्ची शराब बनाने के मामले में यह पहले भी कई बार जेल जा चुका है।