डग्गामार वाहनों को बंद कराकर बसों के संचालन की मांग
मवाना। हस्तिनापुर क्षेत्र के चार गांव के ग्रामीण बृहस्पतिवार को तहसील पहुंचे। ग्रामीणों ने डग्गामार वाहनों को बंद कराकर बसों का संचालन करने की मांग की। उन्होंने इस मामले में एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीण सूरज कुमार, सचिन कुमार, इसरार, अमन, मोहन सिंह, हरिओम, नेपाल, श्रवण कुमार, नीटू, मोनू आदि ने बताया कि मखदूमपुर, बाजमपुर, किशोरपुर, मामीपुर, जलालपुर जोरा, अलीपुर मोरना, निडावली आदि गांवों में पहले बसों का संचालन होता था। लेकिन कुछ समय से गांवों में बसें नहीं चल रही है। जिस कारण इन गांवों में डग्गामार वाहन बिना परमिट के सवारी ले जाने का कार्य कर रहे है। अधिक मात्रा में सवारी भरने के कारण हर वक्त बड़े हादसे का डर बना रहता है। परंतु पुलिस प्रशासन इस ओर से आंखें मूंदे हुए है। बसों के संचालन बंद होने से पढ़ने जाने वाले बच्चों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बच्चे समय से स्कूल नहीं जा पाते और छुट्टी के बाद बच्चों के सही सलामत घर पहुंचने का अभिभावक इंतजार करते है। उन्होंने एसडीएम मवाना अंकुर श्रीवास्तव को ज्ञापन देते हुए बसों का संचालन दोबारा शुरू कराए जाने की मांग की। एसडीएम मवाना अंकुर श्रीवास्तव का कहना है कि मामले की जांच कराकर दोबारा बसों का संचालन जल्द शुरू कराया जाएगा।