सुबह को गुमशुदगी, शाम को रिश्तेदारी में मिला बुजुर्ग
सरधना। छुर निवासी 40 वर्षीय धर्मेंद्र पुत्र चरणसिंह बुधवार की सुबह से गांव से लापता हो गया। बुधवार को परिजन थाने पहुंचे और उसकी गुमशुदगी दर्ज कराने को तहरीर दी। धर्मेंद्र के भाई सुरेशपाल ने तहरीर देते हुए बताया कि बुधवार को सुबह के समय से धर्मेंद्र लापता हुआ तभी से उसका मोबाइल स्विच ऑफ चल रहा हैं। थाना पुलिस ने गुमशुदगी के लिए दी गई तहरीर पर मामले की जांच शुरू की। वहीं शाम को धर्मेंद्र के भाई सुरेशपाल ने बताया कि उसके भाई के रिश्तेदारी में मिलने की जानकारी मिली है और उससे मोबाइल पर भी बात हो गई है।
औरंगानगर रार्धना में दूसरे पक्ष ने भी दी तहरीर
सरधना। औरंगानगर रार्धना में प्रेमी युगल के जहर खाकर जान देने का मामला उस समय तो ठंडा पड़ गया था। लेकिन बुधवार को किशोरी के पिता द्वारा लड़के पक्ष व एक चिकित्सक समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर देने के बाद फिर से तूल पकड़ता दिखाई पड़ रहा है। जिसमें बृहस्पतिवार को मृतक खालिद के परिजनों की तरफ से भी थाने पर तहरीर दी गई और कार्रवाई की मांग की। वहीं गांव में भले ही मामला शांत हो गया हो लेकिन कुछ मुस्लिम परिवार दबी जुबान से कह रहे हैं कि वह खुद को इस गांव में सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। वह इस गांव से जाने का मन बना रहे हैं, वहीं उन्होंने अपने बच्चों को भी फिलहाल रिश्तेदारी में भेज दिया हैं और कई बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही हैं। इस संबंध में इंस्पेक्टर प्रशांत कपिल से बात की गई तो उन्होंने बताया कि लड़की पक्ष की तहरीर मिली है, लड़के पक्ष के लोग थाने आए जरूर थे लेकिन कोई तहरीर नहीं दी, दोनों पक्षों की यदि तहरीर मिलती है, तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।