रोहटा। खंड शिक्षा अधिकारी ने शनिवार को ब्लॉक क्षेत्र के आधा दर्जन परिषदीय विद्यालयों में आकस्मिक छापा मारा। जिसमें छह शिक्षक बगैर सूचना नदारद मिले। एबीएसए ने सभी शिक्षकों की अनुपस्थिति लगाते हुए स्पष्टीकरण मांगा है।
एबीएसए राजमोहन गोयल शनिवार को सबसे पहले किनौनी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में पहुंचे। वहां पर एक शिक्षक एवं शिक्षका गैरहाजिर मिले। इसके बाद एबीएसए ने गांव जिटोला, कैथवाड़ी, नारंगपुर स्थित विद्यालयों में छापा मारा। इसमें चार अन्य शिक्षक भी ड्यूटी से नदारद मिले। एबीएसए ने उन सभी शिक्षकों की अनुपस्थिति लगाई और उनसे बगैर सूचना दिए गैर हाजिर रहने का कारण बताओ नोटिस जारी किया है। वहीं, निरीक्षण के दौरान पाया कि अधिकतर विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को जूते एवं बैग अभी तक वितरित नहीं किए गए हैं। इसका भी प्रधानाध्यापकों को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा है। एबीएसए का कहना है कि गैरहाजिर मिले सभी शिक्षकों को नोटिस जारी कर दिया है। उसके जवाब के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।