मुंडाली। क्षेत्र के ग्राम प्रधानों एवं गण्यमान्य लोगों के सहयोग से जनपद में सबसे पिछड़ा और बदहाली के लिए पहचाने जाने वाला मुंडाली थाना अब हाईटेक के रूप पहचाना जाएगा। इसका जीर्णोद्धार कराया गया है।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एसएसपी मेरठ राजेश कुमार पांडेय ने मुंडाली थाने के नवनिर्माण हाईटेक कार्यालय का उद्घाटन किया। मुंडाली थाने की जनपद के पिछडे़ थानों में गिनती होती थी। थाना क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, गण्यमान्य लोगों और एसओ मुंडाली रितेश कुमार सिंह ने हाईटेक कार्यालय बनवाकर बदहाली को समाप्त किया है। एसओ रितेश कुमार सिंह ने बताया कि इसमें जनसहयोग एवं स्टाफ की मदद से हाईटेक कार्यालय तैयार हुआ है। इससे पहले पुराने कार्यालय में जहां बैठने के लिए साफ सुथरी कुर्सियां तक नहीं थीं। वहीं, आज इस आफिस मेें एयर कंडीशनर, बेहतरीन फर्नीचर, एलईडी टीवी तथा कम्पयूटर जैसे सभी सुविधाएं की गई हैं।
नवनिर्मित कार्यालय की भव्यता देखकर एक बार एसएसपी भी हैरान रह गए थे और थानाध्यक्ष की प्रशंसा की। एसएसपी राजेश कुमार पांडेय ने मंत्रोच्चार के बाद शिलापट से पर्दा हटाकर अनावरण किया। इस दौरान एसपी देहात राजेश कुमार, सीओ किठौर चक्रपाणी त्रिपाठी आदि अन्य उपस्थित रहे।