भोलों की सेवा कर रही विदेशी बहू
मोदीपुरम। हाईवे पर गुजर रहे शिव भक्तों की सेवा में विदेशी बहू भी लगी हुई है। विदेशी बहू पिछले छह साल से शिव भक्तों की सेवा कर रही है। उनका कहना है कि उन्हें सेवा करना अच्छा लगता है।
मेरठ सदर बाजार निवासी अरविंद एलन के बेटे मोहित एलन की शादी वर्ष 2011 में चैक गणराज्य निवासी इवाना से हुई थी। मोहित एलन का ट्रांसपोर्ट का बिजनेस और इवाना एक फिजियोथिरेपिस्ट है। अरविंद एलन ने सिवाया में कांवड़ शिविर लगा रखा है। इस बार उनका 8वां कांवड़ शिविर है। शिविर में इवाना भी शिव भक्तों की सेवा में जुटी हुई है। इवाना एलन का कहना है कि जब वह यहां आई तो हिंदी भाषा बोलना नहीं जानती थी, अब वह अच्छे से हिंदी भी बोल लेती है और काम भी कर लेती। शिव भक्तों की सेवा करने में आनंद आता है। इवाना अपने हाथों से ही खाना बनाती है और फिर शिव भक्ताें को खिलाती भी है। इवाना एलन के इस सहयोग को देखकर उसके ससुराल वाले भी खुश है। पति मोहित एलन का कहना है कि इवाना अब पूरी तरह से यहां पर सहयोग करती है। शिव भक्तों की सेवा में खुद 10 घंटे तक रहती है। उनके साथ में परिवार के लोग लगे हुए है। इवाना की पुत्री अनाया भी उनके साथ शिविर में आई हुई है।
खास बातें:
ससुर ने सिवाया में लगाया कांवड़ शिविर, वर्ष 2011 में हुई थी शादी