मवाना। ढिकौली-मवाना मार्ग पर बृहस्पतिवार देर शाम खाना खाने के बाद अपनी भतीजी के साथ टहलने निकली एक वृद्धा को बाइक सवारों ने टक्कर मार दी। जिस कारण वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर एकत्र लोगों ने बाइक सवार दोनों युवकों की जमकर धुनाई की। सूचना पाकर पहुंची पीआरवी ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया और थाने ले आई। गुस्साएं ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर जाम लगा दिया।
ढिकौली कॉलोनी निवासी प्रेमवती (73) पत्नी स्वरूप सिंह के तीन बेटी और दो बेटे हैं। उसकी तीन बेटी एवं एक बेटे की शादी हो चुकी है। बेटा रघुवीर एवं मदन बाहर रहते हैं। बृहस्पतिवार देर शाम खाना खाने के बाद प्रेमवती अपनी भतीजी मीनाक्षी के साथ प्रतिदिन की तरह टहलने निकली थी। गांव से बाहर आने पर खेड़की जदीद गांव की ओर से तेज गति से आ रही बाइक ने प्रेमवती और मीनाक्षी को टक्कर मार दी। जिससे प्रेमवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मीनाक्षी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद बाइक सवार दोनों युवकों ने भागने का प्रयास किया, परंतु नशे की हालत में वे नाले में जा गिरे। इस पर यहां पहुंचे लोगों ने उनकी पिटाई की और मामले की जानकारी पीआरवी को दी। सूचना पाकर पहुंची पीआरवी ने दोनों को हिरासत में ले लिया और थाने ले आई। वहीं वृद्धा की मौत गांव में आग की तरह फैल गई और गुस्साएं ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर ढिकौली-मवाना मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम लगने की जानकारी पाकर फलावदा, बहसूमा, हस्तिनापुर, परीक्षितगढ़ आदि थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे एसडीएम और सीओ को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। समाचार लिखे जाने तक जाम लगा हुआ था।
थाने में पड़ा रहा बेसुध
बाइक सवार युवक बिराना निवासी राजवीर नशे की हालत में इस कदर था कि थाने में ही बेसुध पड़ा रहा। उसका दूसरा साथी सोनू भी नशे की हालत में था। सोनू ने बताया कि राजवीर बाइक चला रहा था। ये दोनों भी दुर्घटना में घायल हो गए।
गांव में बिकती है शराब
वृद्धा की मौत के बाद जाम लगा रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ढिकौली में पुलिस शह पर अवैध रूप से शराब बिकती है। जिससे ग्रामीण परेशान हैं। उन्होंने बताया कि यदि गांव में अवैध शराब की बिक्री पर पहले ही प्रतिबंध लग जाता तो शायद आज यह घटना न होती।
परिवार में मचा कोहराम
वृद्धा प्रेमवती की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वृद्धा की तीनों बेटियां भी मौके पर पहुंच गईं। ग्रामीणों ने परिजनों को सांत्वना दी।
मुख्य बातें
वृद्धा के साथ टहलने जा रही भतीजी भी घायल
बाइक सवारों की ग्रामीणों की धुनाई
मुआवजे की मांग को लेकर ढिकौली मवाना मार्ग पर लगाया जाम