सरधना। करनाल हाईवे पर बपारसी के पास सोमवार सुबह मेरठ की तरफ से शामली जा रही अनियंत्रित कार हिंडन नदी के पुल से नीचे गहरी खाई में गिर गई। ऊंचाई से गिरने के कारण कार के परखच्चे उड़ गये। कार में सवार चालक सहित तीन महिलाओं समेत पांच लोग घायल हो गये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकाला। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिये कंकरखेड़ा के कैलाशी हास्पिटल में भर्ती कराया। घायलों में चालक समेत दो की हालत गंभीर बनी हुई हैं। कार सवार परिवार लखनऊ से जम्मू कश्मीर जा रहा था।
लखनऊ के दौलतगंज थाना ठाकुर द्वारा निवासी मोहम्मद कामरान पुत्र अकील नवी का परिवार कार में सवार होकर मेरठ करनाल हाईवे से होते हुए कश्मीर टूर पर जा रहे थे। कार को मोहम्मद सैन उर्फ राजा चला रहा था। सोमवार सुबह करीब चार बजे मेरठ-करनाल हाईवे पर कार बपारसी हिंडन नदी के पुल के पास पहुंची तो कार अनियंत्रित होकर पुल से कई फिट नीचे गहरी खाई में जा गिर गई। इस दौरान कार के परखच्चे उड़ गये। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायलों को कार से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर मुल्हैड़ा चौकी प्रभारी राजकुमार मौके पर पहुंच गए। वहीं, घायलों को कार से बाहर निकालकर उपचार के लिए मेरठ के कंकरखेड़ा स्थित कैलाशी अस्पताल में भर्ती किया गया। घायलों में चालक मोहम्मद हुसैन उर्फ राजा, मोहम्मद कामरान पुत्र अकील नवी की हालत गंभीर बनी हुई थी। वहीं, मोहम्मद कामरान की पत्नी सौम्या, साली निशा और अलीशा भी घायल हो गई। मुल्हैड़ा चौकी प्रभारी राजकुमार ने बताया कि इस संबंध में अभी कार चालक द्वारा चौकी पर कोई तहरीर नहीं दी गई। तहरीर मिलने पर लिखापढ़ी की जायेगी।
टूटी रेलिंग के कारण हुआ हादसा
वहीं बपारसी के ग्रामीणों का कहना है कि हिंडन नदी के पास एक तो हाईवे में मोड़ ज्यादा है। ओर दूसरे हिंडन नदी के पुल की रेलिंग काफी समय से टूटी है। पीडब्लूडी व सिंचाई विभाग की अनदेखी के कारण यहां बार बार हादसे हो रहे हैं। हाल में ही एक बाइक सवार की पुल से गिरने के कारण मौत हो गई थी। वहीं, रविवार को मक्का से लदा ट्रक भी यहां पलट गया था। वहीं, सोमवार को कार पलटने के कारण महिलाओं सहित पांच लोग घायल हो गये थे।
मुख्य बातें
लखनऊ से जम्मू कश्मीर जा रहा था परिवार, घायलों को कैलाशी हास्पिटल में भर्ती
करनाल हाईवे पर बपारसी हिंडन नदी के पुल से नीचे गिरी कार परखच्चे उड़े
सड़क हादसे में कार चालक समेत पांच लोग घायल, चालक समेत दो की हालत गंभीर
घायलों को उपचार के लिये कंकरखेड़ा के कैलाशी हास्पिटल में भर्ती कराया गया