सूर्यदेव के तेवर तेज, आसमान से बरस रही आग
मवाना। इन दिनों सूर्यदेव के तेवर तेज है। आसमान से आग बरस रही है। गर्मी के चलते आमजन का बुरा हाल है। अघोषित बिजली कटौती ने लोगों का दिन का चैन और रात की नींद हराम कर रखी है।
आए दिन पारा बढ़ रहा है। पारा 40 पार हो चुका है। ऐसे में दोपहर के समय नगर के बाजार तथा मुख्य मार्ग पूरी तरह से सुनसान पड़ जाते हैं। गरम हवाओं ने लोगों को घरों में कैद होने मजबूर कर दिया है। लेकिन बिजली की कटौती के कारण लोगों को घरों में भी राहत नहीं मिल पा रही है। दिन और रात में हो रही बिजली कटौती ने लोगों का दिन का चैन और रात की नींद उड़ा रखी है। वहीं लो-वोल्टेज के कारण एसी आदि भी लोगों को सुकून नहीं दे पा रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि विद्युत निगम के अधिकारियों ने बिजली आपूर्ति में सुधार तथा लो-वोल्टेज की समस्या से लोगों को निजात नहीं दिलाई तो विद्युत निगम के खिलाफ विवश होकर सड़कों पर उतरना पडे़गा। इस संबंध में एसडीओ योगेंद्र बजाज का कहना है कि ओवर लोडिंग की वजह से ही लो-वोल्टेज तथा कटौती करनी पड़ रही है।