सरधना। झिटकरी गांव में तालाब की तरफ जाने वाले रास्ते पर नाला निर्माण के लिए शनिवार को भी खुदाई कराई गई। इस दौरान पुलिस फोर्स भी तैनात रहा। यहां ब्लॉक और तहसील टीम के कर्मचारी भी मौजूद रहे। पुलिस ने शुक्रवार को हिरासत में लिये पांच लोगों का शांतिभंग में चालान कर दिया।
झिटकरी गांव में शिव मंदिर वाले रास्ते पर नाला निर्माण एवं बस्ती के दूषित पानी की निकासी को लेकर करीब एक वर्ष से विवाद जारी है। एसडीएम राकेश कुमार सिंह और सीओ संतोष कुमार, थानाध्यक्ष दिलीप सिंह एवं सरूरपुर थानाध्यक्ष शुक्रवार को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बस्ती में पहुंचे थे। उन्होंने वहां पर बस्ती के दूषित पानी की निकासी तालाब में कराने के लिए नाला खुदाई शुरू कराई। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने जमकर विरोध किया, लेकिन भारी पुलिस बल एवं पीएससी की मौजूदगी में नाला निर्माण के लिए खुदाई शुरू कराई गई। कई जगह से सड़क उखड़वाई गई है। उस जगह पर मिट्टी डलवाने का कार्य भी साथ ही शुरू करा दिया गया। पुलिस ने मौके से हिरासत में लिये पांच लोगों का शनिवार को शांतिभंग में चालान कर दिया। जिसमें अरविंद पुत्र सुरेशपाल, हितेंद्र पुत्र समरपाल, हरेंद्र पुत्र महेंद्र, नीरज पुत्र ब्रजपाल, मनोज पुत्र निर्मल का शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया। पुलिस फोर्स की मौजूदगी में शनिवार को मिट्टी डलवाने और नाला खुदवाने का काम कराया गया। इस दौरान पुलिस फोर्स भी मौजूद रहा।
मुख्य बातें
मंडलायुक्त के आदेश पर एसडीएम ने कराई थी खुदाई शुरू
पुलिस ने पांच लोगों का शंातिभंग में किया चालान