गेहूं क्रय केंद्र बंद होने पर किसानों का हंगामा
- एसडीएम के आदेश पर शुरू हुई तौल
मवाना। हस्तिनापुर रोड स्थित गेहूं क्रय केंद्र पर बृहस्पतिवार को तौल बंद होने पर किसानों ने जमकर हंगामा किया। हंगामे की जानकारी मिलने पर एसडीएम मवाना के आदेश पर तौल शुरू कराई गई, जिस पर किसान शांत हुए।
जानकारी के अनुसार हस्तिनापुर रोड स्थित मंडी में गेहूं क्रय केंद्र पर अस्सा गांव निवासी खतौली गन्ना सोसायटी के पूर्व डायरेक्टर भोपाल सिंह गेहूं लेकर पहुंचे, लेकिन वहां तीनों सेंटर बंद पड़े हुए थे। वहां मौजूद एक संचालक से उन्होंने गेहूं की तौल करने के लिए कहा, परंतु उसने क्रय केंद्र बंद होने की बात कहते हुए तौल करने से मना कर दिया। इस पर उन्होंने मामले की जानकारी ब्लाक प्रमुख प्रेमसिंह को दी। किसानों को लेकर मौके पर पहुंचे ब्लाक प्रमुख ने महिला उपभोक्ता समिति पर जमकर हंगामा किया। उन्होंने फोन पर मामले की जानकारी एसडीएम मवाना अंकुर श्रीवास्तव को दी। हंगामे की जानकारी मिलने पर एसडीएम मवाना ने आनन फानन में तौल शुरू कराई। किसानों ने बताया कि मौसम खराब है और ऐसे में तौल बंद होने के कारण किसानों का गेहूं खेतों में सड़ सकता है। क्रय केंद्र संचालक शिवकुमार ने बताया कि क्रांति दिवस के कारण सभी क्रय केंद्र बंद थे। परंतु किसानों के हंगामे के बाद एसडीएम के आदेश पर क्रय केंद्र खोल कर तौल चालू करा दी गई। एसडीएम मवाना अंकुर श्रीवास्तव का कहना है कि किसानों की शिकायत पर तौल शुरू करा दी गई। हंगामा करने वालों में किसान राकेश, वेदपाल, बिजेंद्र, विपिन आदि मौजूद रहे।
तीसरा नोटिस जारी, 13 मई को बंद हो सकती है मिल
मवाना। मवाना शुगर मिल में पेराई सत्र लगभग समाप्ति की ओर है। बृहस्पतिवार को मिल की ओर से तीसरा नोटिस 13 मई के लिए जारी कर दिया गया है। मिल ने किसानों का अब तक 31 जनवरी तक लिए गए गन्ने का भुगतान कर दिया है।
मवाना शुगर मिल के महाप्रबंधक प्रमोद बालियान ने बताया कि दो नोटिस के बाद गन्ना किसानों का पूर्ण गन्ना लेने के लिए पर्चियां जारी कर दी गई थी। पिछले कुछ दिन से खुली छूट पर किसानों से गन्ना लिया जा रहा था। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को मिल द्वारा तीसरा नोटिस 13 मई के लिए जारी कर दिया गया है। माना जा रहा है कि 13 मई को मवाना शुगर मिल बंद हो सकती है। महाप्रबंधक ने बताया कि मवाना शुगर मिल का लक्ष्य एक करोड़ 80 लाख गन्ना पेराई करने का था, परंतु मिल ने दो करोड़ दो लाख क्विंटल गन्ने की पेराई की। उन्होंने बताया कि किसानों का 31 जनवरी तक गन्ने का भुगतान 300 करोड़ कर दिया है। उन्होंने बताया कि बाकी भुगतान भी जल्द करा दिया जाएगा।