मवाना। उत्तम पब्लिक स्कूल रहावती में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद् उत्तर प्रदेश एवं जिला विज्ञान क्लब मेरठ के तत्वावधान में बुधवार को मोबाइल नक्षत्रशाला तथा रात्रि आकाश दर्शन टेलीस्कोप का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में उत्तम पब्लिक स्कूल, जूनियर हाईस्कूल मुबारिकपुर के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में खगोल विज्ञान से संबंधी 20 मिनट की फिल्म का प्रदर्शन किया। जिसमें सौरमंडल, अंतरिक्ष निहारिकाएं, मंदाकिनियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक दीपक शर्मा ने तारों की मृत्यु के बारे में विस्तार से बताया। स्कूल प्रबंधक सीएस चौधरी ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में जूनियर हाईस्कूल की प्रधानाचार्या बीना त्यागी भी उपस्थित रहीं। स्कूल की ओर से डॉ. राजकुमार सिंह ने दीपक शर्मा एवं पूर्व ग्राम प्रधान सविता चौधरी ने इंद्रजीत सिंह को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया।
महंत की पदवी से विभूषित किया
मवाना। श्री शिव मंदिर बाबा मोहनराम खोली धाम मंदिर बामनी वाला पर आयोजित कार्यक्रम में सिद्धपीठ संकटमोचन हनुमान श्री बालाजी एवं शनि शक्ति पीठ के महामंडलेश्वर श्रीश्री 108 श्री महंत महेंद्रदास, महामंडलेश्वर कृपाल दास उदासीन अखाड़ा शुक्रताल एवं महंत उदय आश्रम महाराज ओंकारमठ पीठाधीश्वर आदि संतों ने सुनीत रस्तोगी को महंत पदवी से विभूषित कर स्थान पर विराजमान कराया। संतों ने सुनीत रस्तोगी को शपथ दिलाई कि धर्म के विरुद्ध कोई कार्य नहीं करेगा।
मेधावी सुशांत को सम्मानित किया
मवाना। नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन डॉ. नरेश चंद्रा ने यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा में सूबे में नौंवा स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र सुशांत को उसके पैत्रिक गांव तोफापुर पहुंचकर आवास पर बुके और 31 हजार रुपये देकर सम्मानित किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि पढ़ाई के दौरान यदि उनको पुस्तकों की आवश्यकता पड़ती है तो वे भी उपलब्ध कराएंगे।
उल्लेखनीय है कि एएस इंटर कॉलेज मवाना के छात्र सुशांत ने इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में सूबे में नौंवा स्थान प्राप्त करके अपने गांव और कॉलेज का नाम रोशन किया। इस मेधावी छात्र को सम्मानित करने के लिए पूर्व चेयरमैन डॉ. नरेश चंद्रा सुशांत के गांव तोफापुर में उसके आवास पर पहुंचे। डॉ. नरेश चंद्रा ने सुशांत को परिजनों के साथ 31 रुपये हजार का चेक, भागवदगीता, पेन, प्रेशर कुकर और स्वरचित पुस्तक तथा बुके भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने पढ़ाई के दौरान पुस्तकों की ख़रीद में सहयोग देने का भी आश्वासन दिया। वहां बड़ी संख्या में मौजूद ग्रामीणों के समक्ष डॉ. चंद्रा ने कहा कि सुशांत की बेहतरीन कामयाबी से पूरे मवाना क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है। ऐसे मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करना और आगे बढ़ने में सहयोग देना सभी का दायित्व है। उन्होंने सुशांत के माता पिता को भी बधाई दी।