दौराला गन्ना समिति में बैठक का आयोजन
पर्ची व्यवस्था व गन्ना मूल्य भुगतान की समीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
दौराला।
दौराला गन्ना समिति में शुक्रवार को एक बैठक का आयोजन किया गया। इसमें गन्ना समिति के चेयरमैन, डायरेक्टर, किसान और मिल प्रबंधक शामिल रहे। बैठक में दौराला और किनौनी शुगर मिल के गन्ना भुुगतान और पर्ची व्यवस्था की समीक्षा की गई।
बैठक में चेयरमैन भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि मिल गेट के किसानों की पर्ची बढ़ाई जाए। कुछ लोग गलत तरीके से पर्ची लेने और अपने स्वार्थ के लिए चीनी मिल पर दबाव बनाते हैं। शिकायत करते हैं। ऐसे लोगों से मिल को बचाना है। दौराला मिल भुगतान और पर्ची प्रबंधन व्यवस्था में सबसे अव्वल है। गेट पर पर्ची बढ़ने से किसानों को और लाभ मिलेगा। चीनी मिल के गन्ना महाप्रबंधक संजीव कुमार खाटियान ने बताया कि मिल गेट पर किसानों को उनकी औसत गन्ना आपूर्ति के हिसाब से अधिक पर्चियां जारी की जा रही हैं। क्रय केंद्र पर भी औसत आपूर्ति के अनुसार इंडेंट भेजा जा रहा है। इस वर्ष गन्ना की पैदावार अधिक है, इसलिए किसान गन्ना आपूर्ति को लेकर चितिंत नजर आ रहे हैं। महाप्रबंधक ने आश्वासन दिया कि चीनी मिल के अप्रैल माह तक चलने की संभावना है। मिल अपने क्षेत्र के किसानों का गन्ना लेने के बाद ही बंद की जाएगी।
बैठक में उपस्थित डायरेक्टरों ने मिल प्रबंधन पर विश्वास जताते हुए चीनी मिल द्वारा किए जा रहे गन्ना मूल्य भुगतान की सराहना की। बैठक में किनौनी चीनी मिल द्वारा समय से गन्ना मूल्य भुगतान न किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की गई, तथा चीनी मिल किनौनी के विरुद्ध समय से गन्ना मूल्य भुगतान नहीं किए जाने की स्थिति में विधिक कार्रवाई करने की भी चेतावनी दी। बैठक में डायरेक्टर सतीश कुमार, जाफर, सतपाल सिंह, किसान अरुण अहलावत, बिल्लू, योगेंद्र देवेंद्र आदि मौजूद रहे।