मवाना। हस्तिनापुर रोड पर पूर्व विधायक के आवास के सामने बीते पांच दिन से लीक पाइप लाइन की खबर अमर उजाला में प्रकाशित होते ही चेयरमैन ने उसे तुरंत दुरुस्त कराया।
उल्लेखनीय है कि हस्तिनापुर रोड पर पूर्व विधायक प्रभुदयाल वाल्मीकि के आवास के सामने तथा सर्व यूपी ग्रामीण बैंक के ठीक आगे बीते पांच दिन से नगर पालिका की जलापूर्ति करने वाली पाइप लाइन लीक थी। जिससे लगातार पानी बह रहा था। साथ ही खंडजा भी धंसना शुरू हो गया था। इस संबंध में अधिवक्ता रघुकुल तिलक ने अमर उजाला संवाददाता को अवगत कराया था। उन्होंने बताया कि कई बार शिकायत करने के बाद भी पालिका कर्मचारियों ने इस ओर ध्यान देना गवारा नहीं किया है। जिससे पानी की बर्बादी के साथ ही सड़क की साइड भी क्षतिग्रस्त होने लगी है। अमर उजाला ने इस संबंध में समाचार प्रकाशित किया तथा चेयरमैन अयूब कालिया का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया। जिस पर अयूब कालिया ने इस ओर ध्यान देते हुए तुरंत ही लीक पाइप लाइन को ठीक कराकर पानी की हो रही बर्बादी रुकवा दी।
छात्रों को छाते वितरित किए
मवाना। युवराज फाउडेंशन द्वारा गांव निलौहा में प्राथमिक विद्यालय में स्व. युवराज चौधरी की पुण्यतिथि पर सभी छात्र-छात्राओं को छाते वितरित किए गए। इस मौके पर संस्था के अध्यक्ष ऋतुराज चौधरी ने बच्चों को संबोधित किया। कार्यक्रम में अभिषेक चौधरी, अभिनव, अमित, सतेंद्र, प्रदीप कुमार आदि का सहयोग रहा।