तेजगढ़ी पर पत्नी को सरेराह बाल पकड़कर पीटा, घसीटा, गला दबाया
भीड़ ने शराबी पति को मनचला समझकर धुना, मेडिकल कालेज में भर्ती, रिपोर्ट दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। तेजगढ़ी पुलिस चौकी के पास बुधवार को शराब के नशे में एक युवक ने अपनी पत्नी को बीच सड़क पर पीटा, बाल पकड़कर घसीटा। कपड़े फाड़ दिए और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। भीड़ ने युवक को दबोच लिया और मनचला समझकर जमकर पीटा। आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हापुड़ के धौलाना थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला की शादी 20 जनवरी 2012 को दिल्ली के भजनपुरा निवासी युवक से हुई थी। शादी के छह महीने बाद से ही दंपती अलग-अलग रहने लगा। फिलहाल महिला मेरठ के गंगा प्लाजा में चार्टर्ड अकाउंटेंट के यहां जॉब कर रही है और जागृति विहार में किराए पर रहती है। बुधवार को महिला तेजगढ़ी चौराहे से पैदल ही कमरे पर जा रही थी। तेजगढ़ी चौराहे के पास उसका पति नशे की हालत में मिला। कुछ बातचीत हुई और फिर युवक ने पत्नी को पीटना शुरू कर दिया। तभी वहां से गुजर रहे मेरठ कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष दुष्यंत तोमर और विवि की छात्रसंघ की पूर्व उपाध्यक्ष मीनल गौतम ने यह देखा, तो रुक गए। विवि के नेताओं और भीड़ ने युवक को मनचला समझकर धुन दिया। सूचना पर मेडिकल पुलिस पहुंची और आरोपी को थाने भेज दिया। वहां से उसे घायल अवस्था में मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। महिला ने पति के खिलाफ अपहरण और हत्या का प्रयास करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला ने रोते हुए बताया कि पति ने उसके कुछ फोटो भी फेसबुक पर वायरल करके बदनाम करने की कोशिश की है।
आशा ज्योति केंद्र पर हंगामा
मेरठ। गढ़ रोड निवासी महिला ने बुधवार को महिला हेल्पलाइन पर शिकायत कर दी कि उसका पति, सास और ननद आएदिन बंधक बनाकर मारपीट करते हैं। इसके बाद मेडिकल कालेज स्थित आशा ज्योति केंद्र की टीम मौके पर पहुंची। महिला के पति को काउंसलिंग के लिए केंद्र पर बुलाया। दूसरा मामला नौचंदी क्षेत्र का था। यहां भी दंपती ने हंगामा करते हुए एक-दूसरे पर आरोप लगाए। इन्हें भी केंद्र पर काउंसलिंग के लिए लाया गया। इससे केंद्र पर करीब आधा घंटे तक हंगामे की स्थिति बनी रही। विवाद को सुलझाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।