28 मार्च को टोल प्लाजा के पास भगवती कॉलेज के पीछे मैदान में होगी रैली
7:00 बजे सुबह से दोपहर 3:00 बजे तक हाईवे पर प्रतिबंधित रहेंगे भारी वाहन
- मेरठ से मुजफ्फरनगर, हरिद्वार आने-जाने वालीं रोडवेज बसों का रूट रहेगा मवाना रोड
- कांवड़ पटरी मार्ग की तरफ डायवर्ट किए जाएंगे वाहन वाहन
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 28 मार्च को मेरठ में होने वाली रैली में यातायात व्यवस्था चुनौती बनने लगी है। डीएम अनिल ढींगरा, एसएसपी नितिन तिवारी और एसपी ट्रैफिक संजीव वाजपेयी ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर सुरक्षा का जायजा लिया। वहीं, एसपीजी सोमवार को रैली स्थल पर डेरा डाल देगी।
एनएच-58 स्थित रुड़की रोड पर सिवाया टोल प्लाजा के पास भगवती कॉलेज के पीछे मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी शंखनाद रैली होगी। एसएसपी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था में छह एसपी, दस एएसपी, 30 सीओ, 60 थाना प्रभारी/ इंस्पेक्टर, 900 सिपाही, 120 महिला पुलिसकर्मी, 320 दरोगा व हेड कांस्टेबल, 80 ट्रैफिक पुलिसकर्मी, तीन कंपनी अर्द्धसैनिक बल और आरएएफ, दो कंपनी पीएसी तैनात होगी। जोन के सभी नौ जिलों से फोर्स सुरक्षा व्यवस्था में लगेगी। बस और अन्य वाहनों के लिए रैली स्थल से 700 मीटर दूर अलग दिशा में छह पार्किंग बनाई गईं हैं।
यह रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था
एसपी ट्रैफिक के अनुसार 28 मार्च की सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक हाईवे पर सभी प्रकार के भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। गाजियाबाद और दिल्ली की तरफ से टोल प्लाजा की तरफ कोई भी भारी वाहन नहीं आ सकेगा। वहीं, मुजफ्फरनगर की तरफ से टोल की तरफ भारी वाहन नहीं आ सकेंगे।
रोडवेज बसों की यह रहेगी व्यवस्था
दिल्ली-गाजियाबाद की तरफ से मुजफ्फरनगर जाने वाले कुछ वाहनों को मुरादनगर से गंगनहर पटरी पर डायवर्ट किया जाएगा। मुजफ्फरनगर और हरिद्वार की तरफ जाने वाली रोडवेज बसें हाईवे पर मेरठ से मोदीपुरम टोल की तरफ नहीं जा सकेंगी। इन बसों को जीरो माइल से कमिश्नरी आवास चौराहा, मवाना रोड, इंचौली, मसूरी से दौराला की तरफ भेजा जाएगा। रोडवेज बसों के लिए दूसरा रूट मवाना, बहसूमा और रामराज का रहेगा। इन्हीं रूट से मुजफ्फरनगर से आ सकेंगी।