सब हैं परेशान, सरकार नहीं कर रही निदान
मेरठ। सपाइयों का एक प्रतिनिधि मंडल बुधवार को मंडलायुक्त से मिला और 13 बिंदुओं पर ज्ञापन देते हुए समस्याएं रखकर समाधान की मांग की। कहा कि सब परेशान हैं और सरकार उनका निदान नहीं कर पा रही है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर, शहर विधायक रफीक अंसारी, सपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह, गोपाल अग्रवाल और ताराचंद शास्त्री आदि सपाइयों ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में सभी वर्गों के लोग, किसान, छात्र, व्यापारी, मजदूर, शिक्षक, डॉक्टर, वकील सब परेशान और निराश हैं। मंडल के किसानों का गन्ना खेतों में खड़ा है और गन्ना मिले बंद होने की कगार पर हैं। मिले गन्ना लेने में आनाकानी कर रही हैं और गन्ना सप्लाई के लिए पर्चियां नहीं दे रही हैं। गन्ना भुगतान हजार करोड़ रुपये से भी ज्यादा पहुंच गया है। जिला प्रशासन की चेतावनी के बाद भी भुगतान नहीं हो रहा है। जिन किसानों की गेहूं और गन्ने की फसल प्राकृतिक रूप से जल गई है, उन्हें और जिनकी झुग्गी-झोपड़ियां जली हैं उन्हें सरकार और जिला प्रशासन तुरंत मुआवजा उपलब्ध कराए। श्मशान घाट के लिए 25 लाख रुपये आवंटित हुए थे, इसमें भ्रष्टाचार हुआ है, इसकी जांच कराके कार्रवाई की जाए। बढ़ते क्राइम पर भी अंकुश लगाने की मांग की। दो अप्रैल को उपद्रव में निर्दोष व्यक्तियों को प्रताड़ित न किए जाने और निर्दोषों को जेल से रिहा किए जाने की मांग की है।
मंडलायुक्त से मिले सपाई ने की समस्याओं के समाधान की मांग
13 बिंदुओं पर रखी समस्याएं, अपराधिक घटनाएं भी उठाईं