मेरठ। डेरा प्रमुख को दोषी करार दिए जाने के बाद हरियाणा व पंजाब में शुक्रवार को हुई हिंसा और आगजनी के चलते रेलवे यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया है। दिल्ली-मेरठ-सहारनपुर सेक्शन से हरियाणा, जम्मू, पंजाब आदि के लिए जाने वालीं ट्रेनों को रद कर दिया गया है। करीब आधा दर्जन ट्रेनों के पहिये थमने से रेल यात्रियों को अपने रिजर्वेशन कैंसल कराने पड़े।
डेरा प्रमुख को सीबीआई कोर्ट से दोषी ठहराए जाने पर समर्थकों ने हरियाणा व पंजाब में जमकर बवाल काटा। इन दोनों राज्यों में कई जिलों में हिंसा के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया है। दो दिन से तनाव को देखते हुए रेलवे पहले ही अलर्ट हो गया था और उसने दोनों राज्यों से होकर गुजरने वालीं सौ से भी ज्यादा ट्रेनों को रद कर दिया था। इस कड़ी में मेरठ से होकर जाने वाली शालीमार एक्सप्रेस, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, गोल्डन टेंपल के अलावा कालका पैसेंजर को दो दिन के लिए रद कर दिया गया। इसके अलावा दिल्ली से जालंधर जाने वाली सुपर एक्सप्रेस को जालंधर की बजाय अंबाला तक ही चलाया गया।
सुबह ही करा लिए रिजर्वेशन कैंसल
शुक्रवार को आने वाले फैसले को देखते हुए काफी लोगों ने सुबह ही अपने रिजर्वेशन कैंसल करा लिए थे। सबसे ज्यादा रिजर्वेशन शालीमार एक्सप्रेस के रद कराए गए।
दो दिन रद रहने की संभावना
हरियाणा व पंजाब जाने वालीं ट्रेनों को रद किया गया है। अगले दो दिन ट्रेनों के रद रहने की संभावना है। इसके लिए रेलवे शनिवार को लिस्ट जारी करेगा। -आरपी शर्मा, सिटी स्टेशन अधीक्षक मेरठ
खास बात
- डेरा प्रमुख को दोषी करार देने के बाद भड़की हिंसा के मद्देनजर लिया गया फैसला
- गोल्डन टेंपल, छत्तीसगढ़, शालीमार एक्सप्रेस और कालका पैसेंजर रद की गईं
- असमंजस में रेलवे, तीन दिन तक रेल यातायात प्रभावित रहने की संभावना