हस्तिनापुर। श्री दिगंबर जैन प्रांतीय गुरुकुल में छात्रों ने स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत रविवार को सफाई की। गुरुकुल के प्रबंधक सुमति प्रकाश जैन के निर्देशन में चलाए गए अभियान में गुरुकुल एवं आसपास के क्षेत्र समेत मंदिर क्षेत्र में सफाई की गई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत सरकार के स्वच्छ भारत मिशन में हम सभी नागरिकों का दायित्व है कि इसमें सहयोग देकर पूरी तरह सफल बनाएं। इस अभियान के अंतर्गत पूरे प्रदेश में 10 बडे़ नगरों को चिह्नित कर नगरों में कूड़ा प्रबंधन की व्यवस्था को ठोस रूप दिया जा रहा है। हमें भी खुले में शौच नहीं करने का संकल्प लें। गीला एवं सूखा कचरा अलग अलग एकत्र करें, आसपास के परिवेश को पूरी तरह साफ रखना एवं स्वयं स्वच्छ रहकर बीमारियों से दूर रहना चाहिए। इस अवसर पर कैलाश जैन, सम्यक जैन, सौरभ जैन, संस्कार, अक्षय, अधीक्षक नीरज जैन, गजेंद्र जैन, आशू, संजय, शुभम, पारस जैन सहित गुरुकुल के छात्र अमन जैन, रीशू गोयल, संकल्प यशा, प्रिंस आदि का सहयोग रहा।
श्रद्धालुओं ने भगवंतों के दर्शन किए
हस्तिनापुर। प्राचीन महाभारतकालीन ऐतिहासिक नगरी हस्तिनापुर में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवंतों के दर्शन करने पहुंचे। यह नगरी जैन धर्म के चौबीस तीर्थंकरों में से तीन भगवंत 16वें तीर्थंकर श्री शांतिनाथ जी, 17वें तीर्थंकर श्री कुंथुनाथ एवं 18 वें तीर्थंकर श्री अरहनाथ की च्यवन जन्म दीक्षा, केवल ज्ञान एवं कुल 12 कल्याणकों की पवित्र भूमि है। इसलिए आज यहां मुंबई से ही चार दर्जन से अधिक गाड़ियों एवं कई हजार श्रद्धालुओं के अतिरिक्त सैकड़ों स्कूलों के बच्चे और आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में पहुंचे।
उन्होंने जैन धर्म एवं महाभारतकालीन ऐतिहासिक स्थलों राजा रघुनाथ महल, प्राचीन पांडेश्वर, द्रोपदी घाट, कर्ण मंदिर, श्री जम्बूद्वीप कैलाश पर्वत मंदिर, अष्टापद मंदिर, ध्यान मंदिर, प्राचीन बड़ा दिगंबर जैन मंदिर, निशियां जी सहित सभी स्थलों के दर्शन कर पूजा-अर्चना करके धर्मलाभ अर्जित किया। यहां उपस्थित संतों ने श्रद्धालुआें को यहां की धार्मिकता एवं ऐतिहासिकता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हस्तिनापुर तीर्थंकराें के प्राचीन स्तूपों एवं मंदिरों के लिए प्रसिद्ध है। यहां वन जंगल में टीले पर स्तूप बना हैं। यह भगवान ऋषभदेव जी के वर्षीतप के पारणा स्थल को देश-विदेश में निशियां जी के नामों से जाना जाता है। देश के इतिहास में ऐसा अपूर्व गौरव अन्य नगर को उपलब्ध नहीं है। यह जैन भगवंतों के अतिरिक्त इतिहास में कौरवों एवं पांडवों की भी ऐतिहासिक स्थली है। पूरे वर्ष यहां दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं का आना रहता है। वहीं, जम्बूद्वीप में बने सुमेरू पर्वत कल्पवृक्ष द्वारा बीस तीर्थंकर मंदिर, तीन मूर्ति मंदिर, कमल मंदिर, भगवान आदिनाथ जिनालय, ध्यान मंदिर, समेत अनेकों मंदिर के दर्शन करते हैं।
बसपा बूथ स्तर पर महासचिव और सचिव तैनात करेगी
हस्तिनापुर। बसपा कार्यकर्ताओं की एक बैठक चेयरमैन अरुण कुमार के आवास पर हुई। इसमें जिला प्रभारी विष्णुदत्त ने कहा कि बसपा में ही सर्वसमाज का हित सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए विधानसभा क्षेत्र के स्तर पर प्रत्येक बूथ पर महासचिव एवं सचिव बनाए जाएंगे। जिसमें अध्यक्ष एससी समाज से एवं सचिव ओबीसी समाज से होगा। वहीं सेक्टर सचिव सर्वसमाज से बनाये जायेंगे। उन्होंने बताया कि हस्तिनापुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 338 बूथों में प्रत्येक बूथ स्तर पर कार्यकर्ता कार्य करेंगे। बैठक में 15 जनवरी को बसपा सुप्रीमो मायावती जी के जन्मदिन के अवसर पर मेरठ में विशाल कार्यक्रम में पूरी विधानसभा के कार्यकर्ता एकत्र होकर जन्मदिवस मनायेंगे। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप गुर्जर, जिला कोषाध्यक्ष अनिल कश्यप, नगर अध्यक्ष नेपाल ठेकेदार, गुड्डू गौड़, गौरव शर्मा, बिजेंद्र कश्यप, रजनीश कर्णवाल, सुमित गुर्जर, राजेंद्र प्रमुख, बबलू, सोनू कश्यप, अजीत प्रजापति सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री से हस्तिनापुर के विकास की मांग करेंगे
हस्तिनापुर। कस्बे के श्रीकृष्ण मंदिर में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। जिसमें भाजपा महामंत्री संदीप प्रधान ने कहा कि छह जनवरी को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं वरिष्ठ भाजपा नेता मोहिउद्दीनपुर में चीनी मिल का उद्घाटन कर जनसभा को संबोधित करेंगे। वहां क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचेंगे भाजपा मंडल अध्यक्ष जीत सिंह अधाना ने कहा कि इस क्षेत्र से 40 बसें कार्यकर्ताओं से भरकर हस्तिनापुर मंडल से पहुंचेंगी एवं हस्तिनापुर के विकास की मांग की जाएगी। इस अवसर पर संदीप प्रधान, जीत सिंह अधाना, शिवकुमार बस्तौरा, गोपाल शर्मा, सोमनाथ पपनेजा, रणवीर, महावीर, जयप्रकाश, बालमुकंद बत्रा, अशोक पाइक, अनिल त्यागी, अशोक कपूर, सुशील अरोरा, दर्शन भारद्वाज आदि शामिल रहे।