मेरठ/सरधना। अपहृत चल रहे तीन साल के मासूम की लाश बृहस्पतिवार शाम गांव के तालाब से मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार बच्चे की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव बोरे में लपेटकर तालाब में फेंका गया। हत्या में परिवार के करीबी पर शक जताया जा रहा है। गुस्साए ग्रामीणों ने करीब पांच घंटे तक शव नहीं उठने दिया। भाजपा सांसद, विधायक व जिलाध्यक्ष ने सीबीआई जांच और हत्यारोपियों की जल्द गिरफ्तारी कराने का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया। जिसके बाद शव पोस्टमार्टम को भेजा गया।
सरधना के खेड़ा गांव निवासी अंकित फौजी का तीन साल का बेटा आभास उर्फ गोलू 24 नवंबर की शाम करीब पांच बजे से लापता था। फौजी अंकित की तैनाती जम्मू के कुपवाड़ा में है। परिजनों ने अपहरण का अंदेशा जताकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस तभी से आभास की तलाश में लगी थी। एसएसपी मंजिल सैनी व भाजपा विधायक संगीत सोम ने गांव में पहुंचकर परिवार के लोगों को आश्वासन दिया था कि बच्चे को जल्द तलाश कर लिया जाएगा। बृहस्पतिवार शाम करीब 5:15 बजे तालाब में ग्रामीणों ने बच्चे का शव देखकर शोर मचा दिया। शव की शिनाख्त कपड़ों व जूते से अपहृत आभाष के रूप में हुई। सूचना पर परिवार के लोग रोते बिलखते तालाब पर पहुंचे। देखते ही देखते वहां सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई।
हत्यारों को तुरंत करो गिरफ्तार
सूचना पर सीओ और एसओ सरधना मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फोरेंसिक जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की तो ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए शव को नहीं उठने दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि हत्यारे तुरंत पकड़े जाएं और इस घटना की सीबीआई जांच कराई जाए।
सांसद और विधायक पहुंचे
करीब पांच घंटे तक हंगामा चलता रहा। ग्रामीणों के आक्रोश की जानकारी पर भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान, सरधना विधायक संगीत सोम, एसएसपी और जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा गांव में पहुंचे। भाजपा नेताओं ने आश्वासन दिया कि बच्चे के हत्यारे जल्द गिरफ्तार कराए जाएंगे। सीबीआई जांच करानी पड़े या कोई और जांच, कराएंगे। एसएसपी और एसपी देहात ने भी कहा कि पुलिस पीड़ित परिवार के साथ है। खुलासा जल्द कराया जाएगा। उसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
बेरहमी से की बच्चे की हत्या
जांच में सामने आया कि मासूम आभास की बेरहमी से हत्या की गई थी। उसकी आंखों और गले पर चोटों के निशान मिले। मुंह और नाक से खून निकल रहा था। शरीर पर छाले पड़े हुए थे। ऐसा लगता था कि जैसे बच्चे पर तेज गर्म पानी फेंका गया हो या नहलाया गया हो। गला घोंटकर मारने के बाद शव को तालाब में फेंका गया। बच्चे के साथ किसी तांत्रिक क्रिया होने का भी अंदेशा है।
परिवार के करीबी पर शक
एसपी देहात राजेश कुमार का कहना है कि फौजी के परिवार के सभी सदस्यों से पूछताछ में कई बातें सामने आई हैं। एक करीबी पर पुलिस को शक है। इस मामले की जांच शव का अंतिम संस्कार होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे बढ़ेगी।
खास बात
24 नवंबर की शाम घर के बाहर से हुआ था बच्चे का अपहरण
03 साल के मासूम को गला घोंटकर मारा, शव बोरे में लपेटकर तालाब में फेंका
05 घंटे तक नहीं उठने दिया ग्रामीणों ने शव, सीबीआई जांच की मांग
- सरधना के खेड़ा गांव का मामला, परिवार के करीबी पर गहराया शक