प्रबंध कमेटी के अधिकार सीज किये
एसएसएसएस कन्या इंटर कॉलेज मान्यता अवैध
अमर उजाला ब्यूरो
रोहटा।
ग्राम रासना में संचालित एसएसएसएस कन्या जूनियर हाईस्कूल की मान्यता को अवैध करार देते हुए मंडलायुक्त ने प्रबंध कमेटी के अधिकार सीज कर दिए। साथ ही नियंत्रक नियुक्त किया गया है।
रोहटा ब्लॉक के ग्राम रासना में करीब बीस साल से एसएसएसएस कन्या जूनियर हाई स्कूल संचालित है। प्रबंध कमेटी में प्रबंधक के पद पर प्रदीप त्यागी तैनात हैं। उधर, कुछ दिन पूर्व पूर्व प्रमुख जयचंद त्यागी ने मंडलायुक्त से लिखित शिकायत की थी। शिकायत में एसएसएसएस कन्या जूनियर हाईस्कूल की भूमि को जिला पंचायत की बताया। साथ ही भूमि पर अवैध कब्जा बताया था। जांच में शिकायत सही पाई गई। जिला पंचायत कार्यालय में तैनात कार्यवाहक अधिकारी ने दो माह पूर्व एसडीएम सदर संतोष सिंह और पुलिस के साथ स्कूल को खाली कराया था। वहीं, स्कूल को सील कर दिया था। हालांकि बाद में प्रबंधक प्रदीप त्यागी ने मामले को कोर्ट में विचाराधीन बता सबूत अधिकारियों को पेश किये। इस बीच स्कूल की सील खोल दी गई।
जयचंद त्यागी ने इस संबंध में 16 अक्टूबर को लिखित शिकायत मंडलायुक्त डॉ. प्रभात कुमार भेजी। जिसमें आरोप लगाया कि जिस रकबे में कन्या स्कूल दर्ज है। उस भूमि पर जूनियर हाईस्कूल के नाम पर प्रबंध कमेटी ने प्रस्ताव पार कर रखा है। आरोप लगाया कि दस्तावेज में हेराफेरी कर कन्या जूनियर हाईस्कूल की स्थाई मान्यता ले ली है। जो न्यायोचित नहीं है। पूरे प्रकरण की जांच मंडलायुक्त ने संयुक्त शिक्षा निदेशक मेरठ को सौंपी। जांच के बाद मंडलायुक्त ने स्कूल प्रबंध कमेटी के अधिकारों को सीज करते हुए नियंत्रक नियुक्त कर दिया है।